राजनीति

झामुमो नेता विनोद पांडेय ने जेपी नड्डा के भाषण पर दी प्रतिक्रिया, कहा – भाजपा नेता हेमन्त फोबिया के शिकार, उन्हें सपने में भी हेमन्त सोरेन दिखाई देते हैं, भविष्य में ये कहीं नहीं दिखेंगे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आरोपों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के नेताओं को सपने में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिखाई पड़ते हैं। सच्चाई यह है कि भाजपा के नेताओं को हेमंत फोबिया हो गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में जनता ने इन्हें पूरा सबक सिखाया था। आगामी चुनावों में तो इनका झारखंड से तो पूरी तरह सफाया ही हो जाएगा।

विनोद पांडेय ने कहा कि इसी बौखलाहट और घबराहट में भाजपा के नेता हमेशा अनर्गल आरोप लगाते चलते हैं। इन्हें झारखंड की चौहद्दी और संस्कृति तक की जानकारी नहीं है। शायद भाजपाइयों को नहीं पता कि झारखंडियों ने अंग्रेजों को भी मार भगाया था। विनोद पांडेय ने कहा कि जिन आरोपों को आदरणीय नड्डा जी दोहरा रहे हैं, उसकी तो पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास जी ने एसआइटी से जांच तक कराई थी।

उन्होंने कहा कि झूठ कौ सौ बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाता। उनका कहना था कि भाजपा और आरएसएस इसी थ्योरी पर काम करती है। इन्हें पच नहीं रहा है कि एक आदिवासी, सीएम की कुर्सी पर बैठा है, जो दिन-रात झारखंड और झारखंडियों के लिए काम कर रहा है। भाजपा ने तो अपने दल के आदिवासी नेताओं को भगाकर कर एक बाहरी छत्तीसगढ़िया को सीएम बनाकर सत्ता चलाया और झारखंड देश में निचले पायदान पर चला गया।

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा और आरएसएस को असली चिढ़ आदिवासी से है। वे उन्हें जंगली और वनवासी कहते हैं। भाजपा के नेताओं को आदिवासी अपने गांवों में घुसने नहीं देते। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में मिट्टी लेने गए थे तो मुंडा समाज ने इन्हें वहां से खदेड़ दिया। भाजपा के नेताओं को अपने भीतर झांककर देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमें अलग झारखंड राज्य भीख या सौगात में नहीं मिली है। झारखंड के लिए दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लंबा संघर्ष किया। उसी का परिणाम झारखंड है। भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से हेमंत सोरेन को रोकना चाहती है, लेकिन उनका मंसूबा कभी सफल होने वाला नहीं है। हेमंत सोरेन गीदड़ भभकी से नहीं डरते।

One thought on “झामुमो नेता विनोद पांडेय ने जेपी नड्डा के भाषण पर दी प्रतिक्रिया, कहा – भाजपा नेता हेमन्त फोबिया के शिकार, उन्हें सपने में भी हेमन्त सोरेन दिखाई देते हैं, भविष्य में ये कहीं नहीं दिखेंगे

  • शालीन वर्मा

    Puri bhagwa gang 2024 ke haar se baukhla gai hai.midi ji se Shah Tak anap shanap bak rahe manch par.

Comments are closed.