राजनीति

झामुमो की मांग, मणिपुर सरकार बर्खास्त हो, CM वीरेन सिंह पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो, पूरा देश इस घटना से आक्रोशित, 24 अब दूर नहीं, भाजपा को इसका जवाब मिलेगा

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव व प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने मणिपुर में हुई वीभत्स घटना को लेकर आज प्रेस कांफ्रेस किया और इस मुद्दे पर केन्द्र व मणिपुर सरकार की कड़ी भर्त्सना की। सुप्रियो ने कहा कि मणिपुर में 4 मई को जिस प्रकार की घटना घटी। उससे कल पूरा देश शर्मसार हो गया। एक माह पूर्व इसी स्थान पर झामुमो ने इस समस्या को उठाया था कि वहां के आदिवासियों के साथ गलत हो रहा है। इसलिए वहां की सरकार को बर्खास्त किया जाये। लेकिन चुनाव में व्यस्तता, विदेशों की यात्रा, आनेवाले चुनावी राज्यों का दौरा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्राथमिकताओं में सर्वोच्च था। इसलिये उन्होंने कल तक चुप्पी साधे रखा था।

सुप्रियो ने कहा कि आज जब संसद का सत्र शुरु हुआ, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ मिनट तक संसद भवन के समक्ष मीडिया से एकतरफा वार्ता किया। जिसमें उन्होंने सावन का जिक्र किया। सावन के पवित्रता का जिक्र किया। डबल सावन का जिक्र किया और अंत में एक मिनट मणिपुर को दिया। जहां उनके शब्दों में डबल इंजन की सरकार है। ताज्जुब है, 77 दिन से देश का एक हिस्सा जल रहा है। देश का गृह मंत्री तीन दिनों का दौरा करके वहां से आते हैं। उसके बाद चुप्पी साध लेते है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोल नहीं रहे थे। आज कह रहे हैं कि 140 करोड़ देशवासियों का अपमान हुआ।

सुप्रियो ने कहा कि दरअसल देश को शर्मसार तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया कि उन्होंने मणिपुर को जलने दिया, जहां उनकी सरकार है। अमित शाह ने शर्मसार किया और कुकी जनजाति व नागा जनजाति को विश्वास में नहीं ले पाये। शर्मसार वहां के मुख्यमंत्री वीरेन सिंह ने किया, कि इस्तीफे का नाटक करने के बाद भी कुर्सी पर जमें हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे देश को शर्मिंदगी झेलने पर मजबूर किया। आज भी जब पीएम मोदी बोल रहे थे। सभी मुख्यमंत्री वो चाहे राजस्थान, छत्तीसगढ़, मणिपुर बोल गये, आखिर वो क्यों यूपी भूल गये, गुजरात क्यों नहीं, मतलब अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं तो उसमें भी राजनीति कर रहे हैं। ये शर्मसार करनेवाले हैं। सुप्रियो ने कहा कि उन दरिंदों ने जो किया सो किया, लेकिन जो भाजपा जो आज कर रही हैं, वो शर्मसार करनेवाली है। कहां है, भाजपा का महिला मोर्चा, कहां हैं बाबू लाल मरांडी?

उन्होंने कहा कि बृज भूषण सिंह को गिरफ्तार तक नहीं कर पाये। साजिशन उनका बेल हुआ। कहां है भाजपा के लोग। कहां है महिला स्मिता की बात करने वाले लोग। आज जिस बड़े इशू पर प्रधानमंत्री जो बोल रहे हैं, क्या सदन में इस पर चर्चा होना नहीं चाहिये, क्या मणिपुर इस देश का हिस्सा नहीं है,. रात को जीएसटी पर संसद बुला सकते हैं, पर मणिपुर पर चर्चा तक नही, हाउस को एडजोर्न करते हैं। आज भाजपा की कोई प्रतिकया है। कोई धार्मिक नेता खाली प्लाट की बात करता है, किसी का बयान आया। सुशील मोदी दरबार सजाते थे, वहीं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज भी कुछ नहीं बोल पाते । यही आदिवासी का सम्मान है।

सुप्रियो ने कहा कि बाबूलाल मरांडी अपनी ताजपोशी पर बोलते है कि भाजपा शासनकाल में आदिवासियों को सम्मान मिला, क्या मणिपुर में कुकी आदिवासी नही है। मणिपुर में चार मई से आज तक इस घटना पर मात्र एक गिरफ्तारी हुई और आप बेशर्मी से सत्ता में बने है। आखिर अभी तक वीरेन सिंह की सरकार क्यों नही बर्खास्त हुई। कई छोटी मोटी घटनाएं होती है, तो भाजपा का फैक्ट फाइडिंग काम करने लगता है। घटना की जांच होने लगती है। फैक्ट फाइडिंग टीम बंगाल जायेगा, बिहार जायेगा, मणिपुर क्यों नहीं जायेगा। इसका मतलब है कि भाजपा के दिमाग में महिला उत्पीड़न है। महिला अत्याचार है। महिला व्याभिचार है। महिला के प्रति असम्मान है। यह उनके कृत्यों से साबित होता है, बोलने से कुछ नहीं होता।

सुप्रियो ने कहा कि वे पुनः मांग करते है कि अविलम्ब मणिपुर वीरेन सरकार को बर्खास्त किया जाये। वीरेन सिंह पर महिला यौनाचार और 170 के लोगों के हिंसा में मारे जाने की हत्या का मुकदमा भी दर्ज हो। झामुमो इस मामले को हलके में नहीं लेनेवाली है। इस देश में अब कोई सुरक्षित नहीं रह गया, चाहे महिला हो, आदिवासी हो, किसान हो, बुजर्ग हो, छात्र हो, व्यापारी हो, कोई भी सुरक्षित नहीं, सबकी अस्मत लूटी जा रही है, ये लूटनेवाले लोग भाजपा के हैं, देश इसका जवाब देगा। 24 अब दूर नहीं। 24 इसका उत्तर देगा।