सरयू राय के आमंत्रण पर इरफान अंसारी ने दी सहमति, नवंबर के अंतिम सप्ताह में जमशेदपुर आएंगे इरफान अंसारी, एनक्यूएएस प्रमाणपत्र विजेता केंद्रों के कर्मियों को करेंगे सम्मानित
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणपत्र हासिल करने वाले रामजन्म नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बालीगुमा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के चिकित्साकर्मियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सम्मानित करेंगे। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री नवंबर के अंतिम सप्ताह में जमशेदपुर आएंगे। जदयू विधायक सरयू राय ने शनिवार को रामजन्म नगर स्वास्थ्य केंद्र के दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री को दोनों केंद्रों के कर्मचारियों के सम्मान समारोह के लिए आमंत्रित किया था। मंत्री ने उनका आमंत्रण स्वीकार करते हुए जमशेदपुर आने की सहमति दी।
रामजन्म नगर स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों से मुलाकात के दौरान सरयू राय ने इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह सिविल सर्जन डॉ. साहिब पाल को भी शुभकामनाएं दीं। सरयू राय ने कहा कि इन दोनों स्वास्थ्य केंद्रों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा निर्धारित सभी 12 मानकों को पूरा कर एनक्यूएएस प्रमाणपत्र हासिल किया है। यह राज्य के लिए गौरव की बात है। विशेष खुशी इस बात की है कि दोनों केंद्र जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में हैं और इनके विकास के लिए उन्होंने शुरुआत से ही प्रयास किए हैं।
निरीक्षण के दौरान रामजन्म नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी ने विधायक के समक्ष दो मांगें रखीं। इनमें स्वास्थ्य केंद्र के चारों ओर चहारदीवारी का निर्माण और यहां प्रसव विभाग की स्थापना शामिल है। सरयू राय ने दोनों मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से फोन पर बात कर 15वें वित्त आयोग और विधायक निधि से इन कार्यों को कराने को कहा। उपायुक्त ने दोनों कार्य पूरे कराने का भरोसा दिया।
स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत में सरयू राय ने कहा कि एनक्यूएएस प्रमाणपत्र हासिल करने वाले दोनों केंद्रों के कर्मचारियों का सम्मान किया जाना चाहिए। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में जुटे अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने मंत्री से स्वयं जमशेदपुर आकर सम्मान समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। डॉ. इरफान अंसारी ने नवंबर के अंतिम सप्ताह में जमशेदपुर आने की सहमति दी।
अब संयमित बयान देंगे डॉ. इरफान अंसारी
सरयू राय और स्वास्थ्य मंत्री के मध्य फोन पर बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री के बयानों को लेकर भी चर्चा हुई। डॉ. इरफान अंसारी ने सरयू राय से कहा कि उनके बारे में यह गलत धारणा बनाई जा रही है कि वह उल्टा-पुल्टा बयान देते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में वह बेहद संयमित बयान देंगे। उनका इरादा भी इस तरह के बयान देने का नहीं है।
उन्होंने श्री राय से आग्रह किया कि उन्हें उटपटांग बयान देने वाले स्वास्थ्य मंत्री के रूप में चित्रित नहीं किया जाए। इस पर सरयू राय ने कहा कि वह चाहते हैं कि स्वास्थ्य मंत्री अपने व्यक्तित्व का विकास करें और देश के सभी समुदायों को समान दृष्टि से देखें। सभी समुदायों के लिए समान भाव से विकास के कार्य करें।
