अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, रांची, रामगढ़ और बोकारो से चोरी हुई सात बाइक के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, बिहार के गया में बेचते थे चोरी की बाइक, कई अन्य अपराधियों की अब भी तलाश
ओरमांझी थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय संगठित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें, मास्टर की, पेचकस, प्लग रिंच तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं। गिरोह रांची, रामगढ़ और बोकारो से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके इंजन व चेसिस नंबरों से छेड़छाड़ कर फर्जी कागजात तैयार करता था तथा बाद में उन्हें बिहार के गया जिले में बेच देता था।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 की रात करीब 9:50 बजे सूचना मिली कि सिकिदिरी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की काली मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को चकमा देकर ओरमांझी की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं सिल्ली अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में ओरमांझी थाना पुलिस ने गुडू मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
करीब 10:05 बजे संदिग्ध मोटरसाइकिल गुडू मोड़ पहुंची। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछे से आ रही सिकिदिरी थाना पुलिस की सहायता से दोनों युवकों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान सिंदु कुमार (19 वर्ष) तथा अनिकेत कुमार उर्फ भोला (20 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान अनिकेत के बैग से मास्टर की, प्लग रिंच, पेचकस और एक खुला नंबर प्लेट बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह के सदस्य हैं और विभिन्न जिलों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बिहार में बेचते हैं।
गया में छापेमारी, पांच और बाइक बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर ओरमांझी थाना पुलिस ने बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र स्थित साव गांव में छापेमारी की। वहां विकास कुमार के घर से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। वहीं सिंदु कुमार की निशानदेही पर रामगढ़ स्थित बिहार फाउंड्री कास्टिंग लिमिटेड के समीप झाड़ियों से एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इसके बाद पुलिस ने विकास कुमार (25 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह का संचालन बिहार के गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र निवासी मृत्युंजय साव समेत अन्य सहयोगियों द्वारा किया जाता है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सिंदु कुमार और अनिकेत कुमार के खिलाफ रांची एवं बोकारो के विभिन्न थानों में मोटरसाइकिल चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई कांड दर्ज हैं। वहीं विकास कुमार पर गया जिले में हत्या के एक मामले में भी प्राथमिकी दर्ज है।
