राजनीति

सदन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा वर्तमान में चल रही एसआईआर की प्रक्रिया ने झारखण्ड में कई वर्षों से विदेशी नागरिकों द्वारा किये जा रहे मतदान की पोल खोली, चुनाव आयोग का विरोध गलत

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) को लेकर राजनीतिक बहस के बीच सदन में निर्वाचन आयोग की संवैधानिक शक्तियों और मतदाता सूची की शुद्धता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विशेष गहन पुनरीक्षण क्यों जरुरी है, इस बात को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कई दृष्टांत सदन में पेश किये। उन्होंने प्रमाण के साथ बताया कि कैसे यहां विदेशी नागरिक वोट देकर भारतीय मतदान की खिल्ली उड़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में अफगानी नागरिक मिले हैं, गढ़वा में ईरानी नागरिक भी वर्षों से बसे हैं। उनके पास राशन कार्ड, आधार कार्ड है, वोटर लिस्ट में भी नाम है। लेकिन भारत की नागरिकता का कोई सबूत नहीं है। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं, इसमें पांच लोगों पर एफआईआर भी हुई है। कहीं बेटा अपने बाप से सिर्फ दो साल छोटा है। ऐसी हालत में चुनाव आयोग जांच करेगा ही, इसको ठीक करने का विरोध गलत है।

एसआईआर की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा स्पष्ट किया गया कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण न तो असंवैधानिक है और न ही इसका उद्देश्य किसी नागरिक के मताधिकार को समाप्त करना है। यह निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की संवैधानिक एवं वैधानिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध करने के नाम पर किसी भी वास्तविक और पात्र भारतीय नागरिक का नाम नहीं छूटना चाहिए।

सदन में इस विषय पर अपना पक्ष रखते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उनका सिद्धांत बिल्कुल स्पष्ट है कि न तो किसी पात्र मतदाता का नाम कटना चाहिए और न ही किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में बने रहना चाहिए। निर्वाचन आयोग की कार्रवाई का समर्थन करने का अर्थ प्रशासनिक त्रुटियों का समर्थन करना नहीं है। यदि कहीं गड़बड़ी या लापरवाही होती है तो उसका विरोध होना चाहिए, लेकिन संवैधानिक संस्था के वैधानिक अधिकारों पर राजनीतिक सवाल खड़ा करना उचित नहीं है।

अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम से मिली है एसआईआर की शक्ति

एसआईआर की संवैधानिक वैधता पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निर्वाचन आयोग को चुनावों के अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 मतदाता सूची की तैयारी और पुनरीक्षण का प्रावधान करती है। इसकी धारा 21(3) निर्वाचन आयोग को विशेष परिस्थितियों में विशेष पुनरीक्षण कराने का अधिकार देती है। धारा 16 मतदाता के रूप में पंजीकरण की अयोग्यताओं, जबकि धारा 19 में 18 वर्ष की आयु और संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य निवास की शर्त निर्धारित है। धारा 22 और 23 में नाम के सुधार, स्थानांतरण, विलोपन और नए नाम के समावेशन की व्यवस्था है। ऐसे में एसआईआर को मनमानी प्रशासनिक कवायद बताना उचित नहीं है।

43.6 लाख नामों के नहीं होने का मतलब मताधिकार समाप्त होना नहीं

सरकार के संकल्प में झारखंड में एसआईआर से पहले लगभग 2.64 करोड़ मतदाताओं के होने और पांच अगस्त 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में लगभग 2.21 करोड़ नाम शामिल होने का उल्लेख किया गया है। इस प्रकार करीब 43.6 लाख नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो सके। इस आंकड़े की गंभीरता पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होना और अंतिम रूप से मतदाता सूची से नाम हटाया जाना दो अलग-अलग बातें हैं।

नाम शामिल नहीं होने के पीछे स्थायी रूप से स्थानांतरण, गणना प्रपत्र वापस नहीं मिलना, मतदाता का अनुपस्थित या अप्राप्य होना, मृत्यु, एक से अधिक स्थानों पर पंजीकरण अथवा प्रशासनिक और तकनीकी त्रुटियां जैसे कई कारण हो सकते हैं। इसलिए इन सभी मामलों को एक ही श्रेणी में रखकर यह कहना कि 43 लाख पात्र नागरिकों का मताधिकार छीन लिया गया है, तथ्यात्मक रूप से सही नहीं होगा। ड्राफ्ट सूची अंतिम सूची नहीं होती, बल्कि आपत्ति, सुधार, सत्यापन और नामों के समावेशन की प्रक्रिया का आधार होती है।

ASDD मतदाताओं को दोबारा दिया गया अवसर

निर्वाचन आयोग के छह नवंबर 2026 के निर्देश का हवाला देते हुए बाबूलाल मरांडी ने बताया कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिया गया था, लेकिन उनके फॉर्म वापस नहीं मिले और जिनके नाम अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) अथवा दोहरी प्रविष्टि (Duplicate) यानी ASDD श्रेणी में रखे गए, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का एक और अवसर दिया गया है।

इसके तहत ASDD मतदाताओं की बूथवार सूची दोबारा प्रकाशित करने, मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों, नगर निकाय और प्रखंड कार्यालयों में सूची प्रदर्शित करने तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर पठनीय पीडीएफ के रूप में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा BLO के माध्यम से घर-घर जाकर संपर्क करने, व्हाट्सऐप, एसएमएस और ई-मेल से फॉर्म उपलब्ध कराने तथा ECINET ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से फॉर्म डाउनलोड कर ऑनलाइन जमा करने की सुविधा दी गई है। जिन मतदाताओं के नाम पहले हटाए गए थे, उनके पुराने EPIC नंबर को पुनः आवंटित करने का भी प्रावधान किया गया है। इसे आयोग की सुधारात्मक और समावेशी पहल बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि पात्र मतदाताओं को प्रक्रिया से बाहर रखना उद्देश्य नहीं है।

30 नवंबर तक फॉर्म जमा करने और 22 दिसंबर को अंतिम सूची का कार्यक्रम

निर्वाचन आयोग के 17 नवंबर 2026 के पत्र संख्या 23/2026-ERS (Vol. II) का उल्लेख करते हुए बाबूलाल मरांडी ने बताया कि ASDD मतदाताओं के लिए अतिरिक्त समय-सीमा निर्धारित की गई है। झारखंड में 18 नवंबर तक गणना प्रपत्र तैयार और प्रिंट किए जाने, 18 से 30 नवंबर तक उनके वितरण एवं संग्रहण तथा 10 दिसंबर तक प्राप्त फॉर्मों के निस्तारण का कार्यक्रम तय किया गया है। दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अवधि 15 दिसंबर तक निर्धारित है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर 2026 को होना है।

उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को जब सदन में इस विषय पर चर्चा हो रही है, तब भी ASDD मतदाताओं के लिए फॉर्म जमा करने की अवधि जारी है। ऐसे में प्रक्रिया समाप्त होने और अब किसी को अवसर नहीं मिलने की बात कहना उचित नहीं है। सरकार और विपक्ष दोनों को इस अवसर का उपयोग करते हुए छूटे हुए मतदाताओं की मदद करनी चाहिए।

आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के दस्तावेज भी स्वीकार्य

एसआईआर में दस्तावेजों की अनिवार्यता को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सूचना पुस्तिका में दस्तावेजों की सूची को उदाहरणात्मक और गैर-अंतिम (Indicative, Not Exhaustive) बताया गया है। इसमें जन्म प्रमाणपत्र, मैट्रिक या शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, वन अधिकार प्रमाणपत्र, एससी-एसटी-ओबीसी प्रमाणपत्र, सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी का पहचानपत्र, सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, बैंक, डाकघर और एलआईसी के पुराने दस्तावेज, सरकारी परिवार रजिस्टर तथा सरकारी भूमि या आवास आवंटन प्रमाणपत्र सहित कई दस्तावेजों का उल्लेख है।

विशेष रूप से झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में वन अधिकार प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र और सरकारी परिवार रजिस्टर की उपयोगिता महत्वपूर्ण है। इसलिए यह कहना सही नहीं है कि आदिवासी समुदाय के पास उपलब्ध दस्तावेजों को एसआईआर में कोई स्थान नहीं दिया गया है।

आधार पहचान का प्रमाण, नागरिकता का नहीं

आधार कार्ड को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि आधार नागरिकता का प्रमाण नहीं है, लेकिन जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 23(4) के तहत इसे पहचान के प्रमाण के रूप में स्वीकार करने का प्रावधान है। सर्वोच्च न्यायालय ने आठ सितंबर 2025 को बिहार एसआईआर से संबंधित मामले में आधार कार्ड को पहचान के लिए बारहवें दस्तावेज के रूप में स्वीकार करने का निर्देश दिया था। ऐसे में आधार को नागरिकता का प्रमाण बताना गलत है, लेकिन पहचान के प्रमाण के रूप में उसकी वैधानिक भूमिका को नकारना भी उचित नहीं है।

प्रवासी मजदूरों और बेघर नागरिकों के लिए भी व्यवस्था

झारखंड के बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार की तलाश में दिल्ली, मुंबई, सूरत और बेंगलुरु जैसे शहरों में रहते हैं। ऐसे मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने राज्य के भीतर निवास स्थान बदलने की स्थिति में विशेष व्यवस्था की है। उन्हें पुराने स्थान से नए स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए सामान्य Form-8 के बजाय Enumeration Form, Annexure-C में पुराने और नए पते का विवरण तथा नए पते का निर्धारित प्रमाण देना होगा। इसके लिए संबंधित नए विधानसभा क्षेत्र के ERO/AERO अथवा BLO से संपर्क किया जा सकता है।

बेघर नागरिकों के मामले में भी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। जिनके पास निर्धारित निवास प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं है, उनके संबंध में BLO की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में पर्याप्त माना गया है। इसे प्रवासी मजदूरों और अस्थायी निवासियों के लिए उपयोगी कदम बताया गया।

PVTG और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष सतर्कता की जरूरत

सदन में बाबूलाल मरांडी द्वारा यह भी कहा गया कि झारखंड के संथाल परगना, कोल्हान, पलामू और छोटानागपुर के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट, मोबाइल नेटवर्क और डिजिटल सेवाओं की पहुंच सीमित है। विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूहों (PVTG), वृद्धजनों, दिव्यांगों, विधवा महिलाओं और अशिक्षित नागरिकों को दस्तावेजों एवं ऑनलाइन प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

इसके समाधान के लिए BLO को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने, स्थानीय भाषाओं में जागरूकता अभियान चलाने, ग्रामसभा और पंचायत स्तर पर सहायता शिविर लगाने तथा वृद्ध, दिव्यांग और अकेले रहने वाले नागरिकों के घर जाकर सहायता देने की जरूरत बताई गई। साथ ही राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (BLA) को सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी का मतलब फर्जी मतदाता नहीं

मतदाता सूची में तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancies) को लेकर जारी नोटिसों पर उनके द्वारा कहा गया कि डेटाबेस में विसंगति मिलने का अर्थ संबंधित व्यक्ति का फर्जी मतदाता होना नहीं है। पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, स्थानीय भाषा में नामों के अलग-अलग रूप, पुराने रिकॉर्ड में जन्मतिथि या आयु की विसंगति और विवाह के बाद महिलाओं के उपनाम या पते में बदलाव जैसी परिस्थितियां सामान्य हैं। ऐसे मामलों में नोटिस का उद्देश्य स्पष्टीकरण और सत्यापन होना चाहिए, न कि स्वतः नाम हटाना। प्रत्येक विवादित मामले में मतदाता को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए तथा अंतिम निर्णय कारणयुक्त आदेश के आधार पर होना चाहिए।

सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का भी दिया हवाला

एसआईआर की वैधानिकता के पक्ष में सर्वोच्च न्यायालय के 27 मई 2026 के Association for Democratic Reforms बनाम Election Commission of India मामले के फैसले का उल्लेख किया गया। बाबूलाल मरांडी द्वारा कहा गया कि न्यायालय ने बिहार में संचालित एसआईआर के संदर्भ में अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 21(3) के तहत निर्वाचन आयोग की विशेष पुनरीक्षण संबंधी शक्ति को स्वीकार किया।

न्यायालय ने मतदाता सूची की शुद्धता को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मृत, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों की पहचान को निर्वाचन आयोग के दायित्व का हिस्सा माना। साथ ही नोटिस, सुनवाई और अपील की व्यवस्था को निष्पक्ष प्रक्रिया के लिए जरूरी बताया। यह भी स्पष्ट किया गया कि उक्त फैसला बिहार में संचालित एसआईआर से संबंधित था और झारखंड के प्रत्येक मामले में तथ्यों तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का अलग से परीक्षण आवश्यक है।

एसआईआर को एनआरसी या नागरिकता समाप्त करने की प्रक्रिया बताना गलत

बाबूलाल मरांडी द्वारा एसआईआर को एनआरसी से जोड़ने और नागरिकता समाप्त होने की आशंका पर कहा गया कि इसका प्रत्यक्ष उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण की पात्रता की जांच करना है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 16 के तहत भारतीय नागरिक नहीं होना मतदाता के रूप में पंजीकरण की अयोग्यता है।

हालांकि, निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी पंजीकरण के उद्देश्य से की जाने वाली जांच नागरिकता के संबंध में अंतिम और निर्णायक निर्धारण नहीं है। नागरिकता का अंतिम निर्धारण नागरिकता अधिनियम के तहत सक्षम प्राधिकारी का विषय है। इसलिए एसआईआर को एनआरसी बताना अथवा इससे किसी व्यक्ति की नागरिकता स्वतः समाप्त होने की बात कहना भ्रामक है।

राजनीतिक दलों की भी होनी चाहिए समान जिम्मेदारी

सदन में बाबूलाल मरांडी द्वारा कहा गया कि मतदाता सूची की शुद्धता केवल निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी राजनीतिक दलों की भी साझा जिम्मेदारी है। प्रत्येक दल को अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं, मृत व्यक्तियों के नाम सूची में बने न रहें और एक व्यक्ति का नाम दो स्थानों पर दर्ज नहीं हो।

पारदर्शी एसआईआर के लिए रखे दस सुझाव

एसआईआर की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए दस सुझाव भी सदन के सामने बाबूलाल मरांडी द्वारा रखे गए। इनमें प्रत्येक जिले में ASDD मतदाताओं की सूची और नाम छूटने के कारणों को सार्वजनिक करना, पंचायतों एवं शहरी निकायों में सहायता शिविर लगाना, आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्थानीय भाषाओं में जागरूकता अभियान चलाना, प्रवासी मजदूरों के लिए विशेष सहायता व्यवस्था करना तथा वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए घर पर सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है।

इसके अलावा किसी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित सत्यापन, नोटिस और सुनवाई के नहीं हटाने, ERO/AERO स्तर पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करने, राजनीतिक दलों को बूथवार सूचनाएं उपलब्ध कराने तथा राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

एसआईआर रोकना समाधान नहीं, प्रक्रिया को जवाबदेह बनाना जरूरी

अंत में बाबूलाल मरांडी द्वारा सरकार से सवाल किया गया कि जब निर्वाचन आयोग छूटे हुए ASDD मतदाताओं को दोबारा अवसर दे रहा है, फॉर्म जमा करने की अवधि बढ़ाई गई है और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए समय निर्धारित किया गया है, तो फिर पूरी प्रक्रिया को रोकने या उसकी वैधानिकता पर सवाल खड़ा करने से उन लाखों मतदाताओं का क्या भला होगा, जिनके नाम छूटे हैं?

स्पष्ट किया गया कि प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ आवाज उठनी चाहिए, लेकिन संवैधानिक संस्था के वैधानिक अधिकारों को राजनीतिक संकल्प के माध्यम से कमजोर करने का प्रयास उचित नहीं है। इसी आधार पर सरकार द्वारा प्रस्तुत संकल्प का विरोध करते हुए उनके द्वारा कहा गया कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण रोकना समाधान नहीं है। समाधान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समावेशी और जवाबदेह बनाना है।

अपनी बात समाप्त करते हुए बाबूलाल मरांडी द्वारा तीन सिद्धांतों पर जोर दिया गया—मतदाता सूची में किसी अपात्र व्यक्ति का नाम नहीं होना चाहिए, किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए और निर्वाचन आयोग की प्रत्येक कार्रवाई संविधान, कानून, पारदर्शिता तथा प्राकृतिक न्याय के अनुरूप होनी चाहिए। लोकतंत्र की ताकत सही मतदाता सूची में है और सही मतदाता सूची की ताकत निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *