अपराध

बोकारो के चंद्रपुरा में बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित डांडिया कार्यक्रम में एक युवक ने लड़की के साथ की छेड़खानी व मारपीट, युवक को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

बोकारो के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के मकौली ग्राउंड में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान मारपीट एवं छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मकौली निवासी नीरज कुमार, पिता संजीव महतो, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, वादिनी किरण कुमारी (18 वर्ष), पिता मन्नू तुरी, निवासी राधाकृष्ण मंदिर, झारखंड कॉलोनी, पोस्ट मकौली, थाना चंद्रपुरा, जिला बोकारो ने 15 अक्टूबर 2026 को चंद्रपुरा थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी। आवेदन में आरोप लगाया गया कि 14 अक्टूबर 2026 को मकौली ग्राउंड में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान नीरज कुमार ने उसके साथ मारपीट एवं छेड़खानी की। शिकायत के आधार पर चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 120/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2), 74, 351(2) एवं 352 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

इधर, डांडिया कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति को लेकर भी मामला सामने आया है। अनुमंडल पदाधिकारी, बेरमो (तेनुघाट) के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, मकौली निवासी संजीत कुमार ने 14 अक्टूबर 2026 को शाम छह बजे से रात दस बजे तक मकौली ग्राउंड में डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी थी।

इस आवेदन के आलोक में चंद्रपुरा थाना प्रभारी से जांच प्रतिवेदन मांगा गया था। थाना प्रभारी द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को भेजे गए प्रतिवेदन में कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में महिलाओं एवं युवकों के शामिल होने की संभावना जताई गई थी। साथ ही, अत्यधिक भीड़ के मद्देनजर विधि-व्यवस्था एवं समस्या उत्पन्न होने की आशंका व्यक्त की गई थी।

अनुमंडल पदाधिकारी ने उक्त प्रतिवेदन के आधार पर 14 अक्टूबर को मकौली ग्राउंड में डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने में असमर्थता जताई थी। इसके बावजूद कार्यक्रम के दौरान कथित मारपीट एवं छेड़खानी की घटना सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। फिलहाल, चंद्रपुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *