सुखदेव सिंह यानी एक सुयोग्य, ईमानदार एवं कर्मठ व्यक्ति को मुख्य सचिव बनाने के लिए हेमन्त को दिल से बधाई

सुखदेव सिंह झारखण्ड के नये मुख्य सचिव बनाये गये हैं। इसकी अधिसूचना भी जारी हो गई है। जो लोग सुखदेव सिंह को जानते हैं, वे मानते हैं कि उनके द्वारा किये गये किसी भी कार्य पर अंगूली नहीं उठाई जा सकती। वे राज्य में ईमानदारी के मिसाल है। यही कारण है कि कई बार उन्हें वो चीजे प्राप्त नहीं हुई, जिसके वे हकदार थे।

आज वे राज्य के मुख्य सचिव बने हैं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एक सुयोग्य, ईमानदार, चरित्रवान एवं कर्मठ व्यक्ति को इसके लिए चुना है, निःसंदेह इसका फायदा इस राज्य को मिलेगा। चूंकि अभी पूरा विश्व कोरोना से पीड़ित हैं। अपना देश भारत भी कोरोना से लड़ रहा है। झारखण्ड के लोग कई राज्यों में कई परेशानियों से जूझ रहे हैं।

ऐसे में सुखदेव सिंह का मुख्य सचिव के पद के लिए चयन निश्चय ही खुशियां लेकर आया हैं, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि सुखदेव सिंह इन सभी के लिए आशा का किरण बनेंगे, क्योंकि उनके काम करने का ढंग अन्य आइएएस से अलग हैं। इनकी सादगी एवं अपने कर्म के प्रति निष्ठा के कारण ये उन लोगों में ज्यादा लोकप्रिय हैं, जो ईमानदारी के कारण ही जाने जाते हैं।

सुखदेव सिंह ही एक ऐसे आइएएस ही, जिन्होंने कई मुख्यमंत्रियों के शासनकाल देखें, और इस दौरान उन्हें जो भी जिम्मेवारी मिली, उसे ईमानदारी से निभाया और किसी की हिम्मत भी नहीं हुई कि उन पर दाग लगा दें। फिलहाल सुखदेव सिंह विकास आयुक्त के पद पर पदस्थापित है, एक अप्रैल को वे मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करेंगे।