अपराध

रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं नकदी चोरी कांड को हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष ने अपने दोस्तों एवं महिला मित्र के साथ मिलकर दिया था अंजाम

रांची पुलिस ने लालपुर थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं नकदी चोरी कांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन तथा चोरी के पैसों से खरीदी गई महिन्द्रा XUV-500 वाहन भी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादिनी वीणा विभा कुमारी, पति सूरज प्रकाश कुमार, निवासी हरिभाविनी अपार्टमेंट, तृतीय तल, देबुका हॉस्पिटल के समीप, थाना लालपुर, जिला राँची ने लालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि वह 22 मई 2026 को अपने मौसेरे देवर हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष को घर की चाबी सौंपकर अपने ससुराल पटना चली गई थीं। 31 मई 2026 को वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि घर की अलमारी से सोने-चाँदी के जेवरात एवं 40 हजार रुपये नकद गायब हैं।

इस संबंध में लालपुर थाना कांड संख्या 109/26 दिनांक 02.06.2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 305(ए), 303(2) एवं 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। कांड के त्वरित उद्भेदन हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के CCTV फुटेज का गहन अवलोकन किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने घर में लगे CCTV कैमरे के साथ भी छेड़छाड़ की थी।

अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ कि हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष ने अपने दोस्तों एवं महिला मित्र के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा और घर की अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चाँदी के जेवरात तथा नकदी की चोरी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के जेवरात सिद्धांत सुमन के पास से बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष ने स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्तों एवं महिला मित्र के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए गहनों को बेचकर महिन्द्रा XUV-500 वाहन खरीदी गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में 1. सिद्धांत सुमन, उम्र 19 वर्ष, पिता – विनय कुमार सुमन, निवासी पंचमंदिर, पतरातु, थाना पतरातु, जिला रामगढ़, 2. हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष, उम्र 25 वर्ष, पिता – अरविन्द कुमार सिंह, निवासी पंचमंदिर, पतरातु, थाना पतरातु, जिला रामगढ़, 3. धनन्जय कुमार वर्मा उर्फ धनन्जय सोनी, उम्र 35 वर्ष, पिता – शंकर प्रसाद वर्मा उर्फ शंकर सोनी, निवासी कैलाश नगर, इरगुटोली रोड संख्या-7, किशोरगंज, थाना सुखदेवनगर, जिला राँची और 4. लाईबा याश्मीन उर्फ निधि धान, उम्र 22 वर्ष, पिता – स्व. दीपु धान मुण्डा, निवासी मेन के नाम शामिल हैं। राँची पुलिस ने इस मामले का त्वरित खुलासा कर चोरी की संपत्ति की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बताया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *