धर्म

ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव में सम्मिलित हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, महाप्रभु जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं उन्नति की कामना की

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर रथयात्रा महोत्सव में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भाई बलभद्र की विधिवत् पूजा-अर्चना कर समस्त झारखंडवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान से श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया तथा ‘जय जय जगन्नाथ’ के जयकारे लगाए। मुख्यमंत्री के साथ-साथ आस्था एवं भक्ति के समागम में शामिल हजारों श्रद्धालुओं ने भी ‘जय-जय जगन्नाथ’ के जयकारे लगाए। मौके पर मुख्यमंत्री ने समस्त राज्य वासियों को भक्ति एवं समर्पण का पर्व रथयात्रा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने की तोरणद्वार निर्माण कराए जाने की घोषणा

रथयात्रा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर की भव्यता को और बड़ी पहचान दिलायी जायेगी। इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर की दूर से ही पहचान हो, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रथयात्रा महोत्सव का पूरे साल श्रद्धालुओं द्वारा इंतजार किया जाता है। आज यहां श्रद्धालुओं की उपस्थिति जगन्नाथपुर मंदिर की दिव्यता, भव्यता और आकर्षण को स्पष्ट करता है। आने वाले समय में यह रथयात्रा मेला को और सफल तथा प्रभावी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *