राजनीति

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा में मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत चार की दर्दनाक मौत, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समेत कई राजनीतिज्ञों ने किया शोक व्यक्त

जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव के दोमुहानी के समीप अहले सुबह हुई भीषण सड़क हादसा ने पूरे झारखण्ड को झकझोर कर रख दिया है। इस भीषण सड़क हादसे में झारखण्ड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी युविका सिंह सहित चार लोगों की मौत हो गई। इस सड़क हादसे में कार के परखच्चे उड़ गये है। बताया जाता है कि तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़ी ट्रक में जा घुसी थी। मृतकों में युविका सिंह, नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल और वंशिका खंडेलवाल के नाम शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को निकालकर एमजीएम भेजा। इधर भीषण सड़क हादसा की खबर मिलते ही मंत्री और अन्य युवाओं के परिजन टाटा मेडिकल अस्पताल पहुंचे और अपनों के शवों को देखकर रो पड़े। दूसरी ओर इस भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही राज्य के मुख्यमंत्री समेत कई राजनीतिक दलों के प्रमुख लोगों ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।

राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने शोक संदेश में कहा है कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है।

अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जमशेदपुर में सड़क दुर्घटना में माननीय मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह जी की पुत्री के असामयिक निधन की अत्यंत दुःखद सूचना से मन व्यथित है। अल्पायु में संतान का निधन माता-पिता के लिए असहनीय पीड़ा और अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं दीपिका जी एवं उनके शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।

केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि जमशेदपुर में एनएच पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड की मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी सहित अन्य लोगों के असामयिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। किसी भी परिवार के लिए अपनी संतान को खोने का दुःख शब्दों से परे होता है। इस कठिन समय में मैं दीपिका जी और सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस अपूरणीय क्षति की पीड़ा को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और सभी परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति एवं संबल दें।

झारखण्ड विधानसभाध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने कहा कि जमशेदपुर में एनएच पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राज्य सरकार की मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी सहित अन्य लोगों के असामयिक निधन की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस अपूरणीय क्षति ने मन को गहरे व्यथित कर दिया है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं दीपिका जी एवं सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *