खलारी के बड़कीटांड़ में कोयला लोड हाइवा में आगजनी में शामिल चार अपराधकर्मी घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल एवं हथियार के साथ गिरफ्तार
दिनांक 08.11.2026 को खलारी थाना अन्तर्गत बड़कीटांड़ में एक कोयला लदे हाइवा में अज्ञात अपराधियों द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसके आलोक में अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध प्रासंगिक काण्ड खलारी थाने दर्ज किया गया। उक्त घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, रांची के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक, खलारी के नेत्तृव में कांड के उद्भेदन एवं अनुसंधान हेतु एक SIT का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा कांड उद्भेदन हेतु त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं कुशल गुप्तचर के माध्यम से साक्ष्य संकलन करते हए आगजनी की पूर्व की घटना में शामिल दर्जन भर अपराधियों से पूछताछ किया गया। इसी क्रम में दिनांक 22.11.26 को SIT टीम को गोपनीय सूचना मिली कि इस घटना में शामिल अपराधकर्मी अभी तक लेवी का रकम नहीं मिलने के कारण पुनः घटना कारित करने के उदेश्य से कार से खलारी की ओर आ रहे है।
प्राप्त सूचना के आलोक में गठित SIT टीम द्वारा बलथरवा क्षेत्र में चेकिंग लगाया गया। चेकिंग के क्रम में बिजुपाड़ा की ओर से Wagon R कार संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। जिसे पुलिस टीम द्वारा रोक कर चेक किया गया। उसमें सवार व्यक्ति 1. अफताब आलम उर्फ टिंकू, 2. हसन अंसारी एवं 3. कलीम अंसारी से गहन पूछताछ करने पर तीनों के द्वारा बताया गया कि दिनांक 08.11.26 को जो आगजनी की घटना घटित हुई थी जिसे इनलोगों के द्वारा ही अंजाम दिया गया था, किन्तु इनलोगों को लेवी का पैसा नहीं मिलने के कारण पुनः घटना को अंजाम देने जा रहे थे। जिस क्रम में पुलिस द्वारा पकड़ा गया। आगे इन लोगों द्वारा यह भी बताया गया कि दिनांक 08.11.26 को जो घटना कारित किया गया था, उसमें मो० मोजम्मील भी शामिल था, जिसे SIT टीम के द्वारा गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टर माइंड मो० मोजम्मील है, जो पूर्व में मोहित मिनरल कम्पनी में कार्यरत था। जिसे कुछ दिन पहले कम्पनी द्वारा निकाल दिया गया था। इसी को लेकर मो० मोजम्मील के द्वारा कम्पनी को आर्थिक क्षति पहुँचाने हेतु कम्पनी के कर्मचारी सूरज कुमार को जान मारने के नीयत से उसके वाहन एवं घर का रेकी किया गया था तथा उपरोक्त सहयोगियों के साथ मिल कर आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया।
अपराधकर्मी हसन अंसारी छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा के बैंक डकैती कांड में जेल भी जा चुका है। इन अपराधियों के पास से मारुति सुजुकी कंपनी का एक वेगॉन आर कार, रजि० नं0-JH01GK-1745, तीन मोबाइल फोन एवं दो सीम कार्ड, एक देशी कट्टा एवं तीन जिंदा गोली भी बरामद किया गया।
