अपराध

पांच लाख के इनामी JJMP सब-जोनल मेम्बर समेत चार गिरफ्तार, औरापाट जंगल में पुलिस की घेराबंदी, AK-56, SLR समेत तीन राइफल और 146 जिंदा कारतूस बरामद

गुमला पुलिस ने उग्रवादी संगठन JJMP के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये के इनामी सब-जोनल मेम्बर रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी डुमरी थाना क्षेत्र में संगठन को दोबारा सक्रिय और विस्तारित करने तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे। इनके पास से अत्याधुनिक हथियारों के अलावा बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, वॉकी-टॉकी, मोबाइल फोन, प्रतिबंधित पर्चे और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को पुलिस अधीक्षक, गुमला को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड सरकार की ओर से पांच लाख रुपये के इनामी JJMP सब-जोनल मेम्बर रामदेव लोहरा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ डुमरी थाना क्षेत्र में भ्रमणशील है। सूचना थी कि वह संगठन को पुनर्गठित कर नए सिरे से सक्रिय करने तथा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना पर काम कर रहा है।

सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चैनपुर श्रुति (भापुसे) के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने डुमरी थाना क्षेत्र के औरापाट जंगल में घेराबंदी की। पुलिस की कार्रवाई में JJMP के एक सब-जोनल मेम्बर, एक एरिया कमांडर और दो दस्ता सदस्यों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव लोहरा, पिता बालमुकुंद लोहरा, ग्राम बिंगाडा, थाना एवं जिला लातेहार शामिल है। वह JJMP का सब-जोनल मेम्बर है और उस पर झारखंड सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार उसका पूर्व में पीपुल्स वार ग्रुप तथा भाकपा (माओवादी) संगठन से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

इसके अलावा अरविन्द नायक, पिता सहदेव नायक, ग्राम कोने, थाना एवं जिला लातेहार, JJMP का एरिया कमांडर; मुनेष्वर सिंह, पिता सोहराय सिंह, ग्राम किता मक्का, थाना जोबांग, जिला लोहरदगा तथा जितेंद्र लोहरा, ग्राम उजरा, थाना डुमरी, जिला गुमला को JJMP सदस्य के रूप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक AK-56 राइफल, दो मैगजीन, एक SLR राइफल व मैगजीन तथा एक सेमी-ऑटोमैटिक राइफल बरामद की है। इसके अलावा एक रेगुलर 7.65 एमएम पिस्टल और एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। बरामद हथियारों के साथ कुल 146 जिंदा कारतूस मिले हैं। इनमें AK-56 के 88, SLR के 13, सेमी-ऑटोमैटिक राइफल के 39, 7.65 एमएम पिस्टल के पांच तथा देसी कट्टा का एक जिंदा कारतूस शामिल है। इसके अलावा एक वॉकी-टॉकी, नौ मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

पूछताछ में संगठन के पुनर्गठन की मिल सकती है जानकारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर JJMP के अन्य सदस्यों, सहयोगियों और संगठन को दोबारा सक्रिय एवं संगठित करने से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस संगठन के नेटवर्क और इसके सहयोगियों तक पहुंचने के लिए भी कार्रवाई कर रही है।

अभियान में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल

पूरे अभियान में एसडीपीओ चैनपुर श्रुति (भापुसे), डुमरी थाना प्रभारी पु0अ0नि0 शशि प्रकाश, रायडीह थाना प्रभारी पु0अ0नि0 संदीप कुमार यादव, घाघरा थाना प्रभारी पु0अ0नि0 मोहन कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी पु0अ0नि0 नीरज कुमार, जारी थाना प्रभारी पु0अ0नि0 सन्नी कुमार, डुमरी थाना के पु0अ0नि0 मनोज कुमार, घाघरा थाना के पु0अ0नि0 विकास कुमार, डुमरी थाना के स0अ0नि0 लगन महतो तथा नक्सल क्यूआरटी टीम गुमला के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *