राजनीति

‘एक और अवसर’ कैंप के दौरान CEO ने किया विभिन्न मतदान केंद्रों, ASDD एवं दो बार नोटिस के उपरांत भी दस्तावेज नहीं उपलब्ध करने वाले मतदाताओं के घरों का किया भौतिक निरीक्षण

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत राज्य के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित ‘एक और अवसर’ कैंप के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने रांची के हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ASDD एवं 2 बार नोटिस के उपरांत भी दस्तावेज नहीं उपलब्ध करने वाले मतदाताओं की सूची में शामिल मतदाताओं के निवास स्थानों पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।

उन्होंने कैंप में पहुंचे युवा मतदाताओं एवं आम नागरिकों से बातचीत कर यह जानकारी ली कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है अथवा नहीं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र क्षेत्र के भौतिक निरीक्षण के क्रम में पाया कि डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के कार्य संतोषजनक नहीं किए जा रहें हैं। अभी भी मतदाताओं के पास दस्तावेज उपलब्ध है। लेकिन बीएलओ एवं पदाधिकारियों द्वारा मतदाताओं से संपर्क कर दस्तावेज प्राप्त करने में संतोषप्रद कार्य नहीं किए जा रहे हैं।

भौतिक निरीक्षण के क्रम में युवाओं से भी मतदाता सूची में उनका नाम शामिल है अथवा नहीं, इसकी जानकारी ली गई जिसमें कई ऐसे युवा मिले, जिनका 18 वर्ष पूर्ण होने के उपरांत भी उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने युवा पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने हेतु राज्य के सभी ELC द्वारा युवाओं को जागरूक एवं मतदाता सूची में शामिल करने हेतु विशेष कार्यक्रम चलाने एवं कैंप लगाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल करने के लिए कहा ।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि डोर-टू-डोर सत्यापन के दौरान अभी भी कई ऐसे मतदाता सामने आ रहे हैं, जिनके पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में वे संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिकों को केवल जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं के संबंध में अंतिम मतदाता सूची से किसी भी मतदाता को अपात्र घोषित कर हटाने से पूर्व डोर-टू-डोर सत्यापन एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर से सकारण आदेश की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में उपलब्ध दस्तावेजों एवं निर्धारित वैकल्पिक सत्यापन प्रक्रियाओं की जांच की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान हटिया विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *