राजनीति

कांग्रेसियों को शायद नहीं पता कि देश बांटनेवालों के मुंह से देश जोड़ने की बात शोभा नहीं देता – दीपक प्रकाश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने आज कांग्रेस पार्टी के भारत जोड़ो कार्यक्रम पर कड़ा प्रहार किया। श्री प्रकाश ने कहा कि देश विभाजन को स्वीकार करने वाले, विभाजन की विभीषिका में लाखों लोगों की हत्या करवाने वाले आज देश जोड़ने का नारा दे रहे, जो कांग्रेस के इतिहास और संस्कृति से मेल नहीं खाता है।

उन्होंने कहा कि आजाद भारत में कश्मीर को धारा 370 के माध्यम से देश से काटने की साजिश रचने वाले, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को लाइन ऑफ कंट्रोल के द्वारा मान्यता देने वाले, चीन द्वारा कब्जा किए गए भूभाग को बंजर भूमि बताकर मां भारती का अपमान करने वाले, आपातकाल में देश के लोकतंत्र का गला घोंटने वाले, जातिवाद, क्षेत्रवाद और परिवारवाद को बढ़ावा देने वाले लोग आज भारत जोड़ने की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये वही कांग्रेस है जिसने भारत की संस्कृति के महानायक राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के सहारे देश को तोड़ने वालों को बताना चाहिए कि वे इन नीतियों के साथ देश कैसे जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि डूबती हुई कांग्रेस पार्टी देश जोड़ने के नारों के साथ अपने पाप का प्रायश्चित करने में जुटी है।