राजनीति

कांग्रेस ने कहा यौन शोषकों, कोयला तस्करों व असामाजिक कृत्यों में शामिल लोगों की पार्टी है BJP

झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया एवं कम्यूनिकेशन विभाग द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि राज्य में जितने भी यौन शोषक, कोयला तस्करी के आरोपी या असामाजिक कृत्यों में शामिल लोग हैं, उन्हें जितना जल्दी हो सकें, भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए, क्योंकि आनेवाले विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐसे ही लोगों को टिकट देने जा रही है। उदाहरणस्वरुप ढुलू महतो, मैनेजर राय और शशिभूषण मेहता जैसे लोग अब तो साक्षात प्रमाण है।

आलोक कुमार दूबे का कहना था कि भाजपा अपराधी, बलात्कारी, कोयला तस्कर, कारपोरेट घराना व नाना प्रकार के असामाजिक तत्वों का पसंदीदा संगठन बन गई है, कोई भी राजनीतिक कार्यकर्ता, जिस पर संगीन आरोप है या किसी मामले में अभियुक्त है, भाजपा में शामिल होते ही वह आरोपमुक्त हो जाता है या पाक साफ हो जाता है।

चर्चित सुचित्रा मिश्रा हत्याकांड के आरोपी शशिभूषण मेहता को बीजेपी में शामिल कर भाजपा ने यह साबित कर दिया कि बलात्कारियों, हत्यारों, भ्रष्टाचारियों व पापियों का पसंदीदा पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि सुचित्रा मिश्रा के परिजन जो कि स्वाभाविक रुप से भाजपा के पक्षधर रहे हैं, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शशिभूषण मेहता को पार्टी में शामिल नहीं करने की गुहार लेकर गये थे, परिजनों के साथ मारपीट-धक्का, महिला के साथ बदसलुकी भाजपा कार्यालय में हुई, जिसे सबने देखा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुंडागर्दी हुई, सरकार के संरक्षण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ की उपस्थिति में गुंडागर्दी की पराकाष्ठा देखी गई। एक निरीह, निहत्थे, न्याय की गुहार लेकर गये गरीब परिवार के साथ बदसलूकी का बदला राज्य की जनता आनेवाले विधानसभा चुनाव में सबक सिखायेगी।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि उन्नाव रेप कांड में भाजपा नेता कुलदीप सिंह सेंगर और उसके तीन भाइयों ने सभी गवाहों को मरवा दिया। भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानन्द का लड़की के साथ अवैध संबंध पर पूरी लीपापोती सबके सामने है। सुचित्रा मिश्रा के बेटे और भाभी के साथ जिस प्रकार भाजपा कार्यालय में घटना घटी, उससे लगता है कि सुचित्रा मिश्रा के परिजनों पर भी अब खतरा मंडराने लगा है, कांग्रेस पार्टी आज की घटना की कड़ी निन्दा करते हुए, सभी की सुरक्षा की मांग करती है। इस प्रेस कांफ्रेस में राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोर नाथ शाहदेव, शमशेर आलम, डा. राजेश गुप्ता, डा. एम तौसीफ एवं ज्योति सिंह मथारु भी मौजूद थे।