राजनीति

CM हेमन्त सोरेन का बयान – 20 साल राज कर भाजपा-आजसू के लोग झारखण्ड को दीमक की तरह चाट गये, राज्यहित में बकाया मांगा तो मेरे पीछे ईडी और सीबीआई लगा दिया

20 साल राज कर भाजपा-आजसू ने राज्य को दीमक की तरह चाटने का काम किया। हमने इनसे राज्य का बकाया एक लाख 36 हजार करोड़ रुपये मांगा कि हमें राज्य के गरीब-वंचितों को देना है तो पहले तो यह आनाकानी करने लग गए। हमने पूरे कागजात दिखाए, अपनी मांग और आवाज बुलंद की तो इन्होंने मेरे पीछे ईडी, सीबीआई लगाना शुरू कर दिया, कि इसे जेल में डाल दो। झारखण्डी कभी जेल से डरा है क्या? ये वक्तव्य है, राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का, वे आज डुमरी विधानसभा की जनता को संबोधित कर रहे थे।

उनका कहना था कि भाजपा और आजसू का काम सिर्फ फूट डालो और राज करो है। यह लोग सिर्फ भय की राजनीति करना जानते हैं। लोगों को आपस में लड़ाकर ही यह अपनी राजनैतिक रोटी सेकते हैं। इन्हें झारखण्डवासियों से कोई सरोकार नहीं है, इन्हें प्यार है तो सिर्फ सत्ता से। येन-केन प्रकारेण यह सिर्फ उसी के लिए षड्यंत्र रचते रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आज कोई उपलब्धि गिनाने नहीं आये हैं। राज्य के लाखों जरूरतमंदों को उनका हक-अधिकार मिल रहा है, यही उनकी उपलब्धि है। इसी कार्य में वे निरंतर लगे हुए हैं। आज गांव-गांव में बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग आदि को हर महीने पेंशन की राशि मिल रही है। पहले कभी भी अधिकारी आपके गांव, आपको अधिकार देने नहीं आते थे। हमने अधिकारियों को आपको अधिकार देने के लिए आपके पास भेजा। हम राज्य को व्यवस्थित ढंग से आगे ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समस्त राज्यवासियों के आशीर्वाद से जब सरकार बनी। तभी कोरोना जैसी महामारी से पूरे विश्व के साथ झारखण्ड भी गिरफ्त में आ गया। स्व टाइगर जगरनाथ महतो जी उस भीषण समय में भी बिना रुके, बिना थके काम करते रहे। हमने उनसे कई बार आग्रह भी किया कि कोरोना में सावधानी रखिए। पर लोगों की सेवा करने की लगन को उन्होंने हमेशा प्राथमिकता दी, हमारी एक न सुनी। दिन-रात लोगों की सेवा करते हुए स्व जगरनाथ महतो जी अमर हो गए। इस उपचुनाव में तीर-धनुष पर बटन दबाकर, बेबी देवी जी को विजयी बना, हमें अमर जगरनाथ दा को सच्चा सम्मान देना है।

उन्होंने कहा कि 20 साल भाजपा-आजसू ने झारखण्ड में राज किया। इन्होंने राज्य में डबल इंजन सरकार भी चलाई। इन सब ने ऐसी सरकार चलाई कि झारखण्ड को देश का सबसे पिछड़ा राज्य बना दिया। इन्होंने योजनाबद्ध तरीके से इस राज्य को खोखला करने का काम किया। झारखण्डवासियों के साथ हमेशा उपेक्षा हुई है। इसलिए हमारे पूर्वजों ने जल-जंगल-जमीन की लड़ाई लड़ी। चाहे वो भगवान बिरसा मुंडा, वीर शहीद सिदो-कानू, निर्मल महतो या बिनोद बिहारी महतो जी हों, अनेक ऐसे क्रांतिकारी लोगों ने लड़ाई लड़ी। उन्हीं की सोच और संघर्ष को दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने लंबी लड़ाई लड़कर मुकाम तक पहुंचाया, और हमें हमारे पुरुखों की बदौलत अलग राज्य मिला।

उन्होंने कहा कि इनके आका परिवारवाद की बात करते हैं। भाजपा-आजसू के लोग खुद याद कर लें और बताएं कि इनकी पार्टी में और सरकारों में कितने नेता और मंत्री परिवार से आते हैं। हम तो उस परिवारवाद से आते हैं, जहां वीर सिदो-कानू शहीद हुए तो उनके भाई चांद-भैरव और बहनें फूलो-झानो भी शहीद हुईं। हम झारखण्ड के उस महान परिवार से आते हैं।

यह राज्य ही हमारा परिवारवाद है। यहां के हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई – सभी हमारे परिवार के हिस्से हैं। आज सरकार की कोई भी योजना राज्य के सभी आदिवासी, पिछड़ों, दलित, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के लिए चलायी जाती है। आप देखिए सिर्फ पेंशन में ही सभी वर्ग के लाखों लोगों को हक-अधिकार मिला। ऐसे ही अन्य योजनाओं में भी सभी वर्गों को लाभ दिया गया है।