अपनी बात

डुमरी में चला मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का जादू, झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी की जीत सुनिश्चित, मात्र औपचारिकता बाकी

डुमरी में आखिरकार मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का जादू चल चुका है। झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी की जीत सुनिश्चित हो चुकी है। बस एक तरह से औपचारिकता बाकी है। डुमरी में आज सुबह से ही सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की भारी भीड़ देखी गई। प्रशासन ने हर मतदान केन्द्र पर अच्छी व्यवस्था की थी। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ हैं। अब तक जो हमारे पास सूचना उपलब्ध हुई है। करीब 65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

पुरुष और महिला मतदाताओं में सर्वाधिक जोश, उमंग व उत्साह महिला मतदाताओं में दिखा। यहां दो प्रत्याशियों के बीच ही प्रतिद्वंदिता थी। झामुमो से मंत्री बेबी देवी थी तो आजसू ने यशोदा देवी को अपना प्रत्याशी बनाया था। दोनों प्रत्याशियों की ओर से अपने-अपने प्रत्याशियों को जीत दर्ज कराने के लिए सभी ने कड़ी मेहनत की थी। अंत-अंत तक मतदाताओं ने सभी का दिमाग चकराया, पर जैसा विद्रोही24 ने अनुमान लगाया था, वो सही हुआ।

हर बूथों पर टाइगर जिंदा नजर आया। जगरनाथ महतो के काम और उनकी भलमनसाहत लोगों के बीच सर चढ़कर बोल रही थी। लोगों ने प्राथमिकता बेबी देवी को दी और उनके पक्ष में दिल खोलकर मतदान किया। हालांकि मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण का प्रोपेगेंडा कुछ तथाकथित पत्रकारों और मीडिया हाउस ने फैलाया, पर ऐसा कही भी देखने को नहीं मिला। मुस्लिम वोट थोक भाव में बेबी देवी को मिले।

मतगणना आठ सितम्बर को होगा। जो औपचारिकता मात्र है। जीत बेबी देवी की सुनिश्चित है। आप झामुमो और इंडिया गठबंधन को अग्रिम बधाई दे सकते हैं। आज का मतदान और जनता का साथ बताने के लिए काफी है कि आज भी हेमन्त सोरेन को चुनौती देना, खासकर झारखण्ड में भाजपा और आजसू के लिए इतना आसान नहीं। मतलब साफ है – सब पर भारी, हेमन्त सोरेन की दावेदारी।