अपनी बात

चन्द्रयान 3 ने चांद पर रखा कदम, झूम उठा पूरा देश, पूरे विश्व में भारत की उपलब्धि की चर्चा, उधर चीन को सांप सूंघा, शायद भारत की सफलता उसे रास नहीं आई

आज का दिन ऐतिहासिक है। आज भारत के वैज्ञानिकों ने भारतवासियों का मस्तक गर्व से ऊंचा कर दिया है। आज भारत ने चन्द्रमा पर अपनी धाक जमा दी है। भारत के वैज्ञानिकों ने चन्द्रमा के दक्षिण ध्रुव पर चन्द्रयान 3 को उतार दिया है। जहां पर आज तक विश्व के किसी भी देश ने अपना कदम नहीं रखा है। भारतीय वैज्ञानिकों के इस सफलता से पूरा देश झूम ऊठा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो अभी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हैं। वहीं से भारतीय वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई दी है। चन्द्रयान 3 पर ऐसे पूरे विश्व की नजर थी। बताया जा रहा है कि अमरीका, ब्रिटेन और यूरोप के बड़े-बड़े मीडिया हाउस ने भारतीय वैज्ञानिकों के इस सफलता को अपने यहां जगह दी है। पड़ोसी पाकिस्तान के कई बड़े मीडिया हाउस में भी भारत के इस सफलता की चर्चा है।

उधर चीन को जैसे लगता है कि भारत की इस सफलता से सांप सूंघ गया है। भारत की सफलता शायद उसे नागवार गुजरी है। शायद यही कारण है कि चीन की प्रमुख मीडिया में भारत की इस सफलता का कही कोई जिक्र नहीं हैं। ऐसे भी भारत की किसी भी सफलता पर चीन ने कभी कोई चर्चा नहीं की हैं। चीन ने तो जब भारत के सैनिकों ने गलवान घाटी में उसके पचास से भी ज्यादा सैनिकों को मौत के घाट उतार दिये थे, उसे भी छुपाने की कोशिश की थी, इसलिए चीन के इस मौन को, उसके हताशा को समझा जा सकता है।

ऐसे तो आज का दिन भारत का है। जहां या जिस देश में भी भारतीय हैं या भारत के शुभचिन्तक हैं, उनकी नजर आज चांद पर थी, कि कब चन्द्रयान 3 चन्द्रमा पर कदम रखता है। भारतीय वैज्ञानिकों ने जैसे ही इसकी सूचना दी। पूरे विश्व में जहां कहीं भी भारतीय थे, खुशी से झूम उठे, एक दूसरे को बधाई दी। कई जगहों पर तो ढोल-नगाड़े भी बजने लगे।

आज की सफलता ने भारतीय युवाओं को एक नई मंजिल दी है। निश्चय ही भारतीय युवा इससे प्रेरणा लेंगे और अपने देश को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए दिल से काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर विपक्ष के सभी नेताओं ने भारतीय वैज्ञानिकों व इसरो टीम को दिल से बधाई दी है।

झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन व राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने भी इसरो की टीम को इस सफलता के लिये बधाई दी है। झारखण्ड के कई इलाकों में चन्द्रयान 3 की सफलता पर पटाखें छोड़े गये, मिठाइयां बांटी गई। कई राजनीतिक दलों ने भी आज होली व दीवाली एक साथ मनाई। युवाओं ने जमकर नाच-गाकर खुशी का इजहार किया।