राजनीति

भाजपा का आरोप SIR और MMDR का विरोध इंडी गठबंधन के प्रोपेगेंडा का हिस्सा, विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर जनता को गुमराह कर रही हेमंत सरकार

भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। बैठक के उपरांत मीडिया ब्रीफिंग करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा 25-26 नवंबर को MMDR और SIR को लेकर जो विशेष सत्र बुलाया गया है, वह एक नैरेटिव का हिस्सा है। इंडी गठबंधन के नेता पूरे देश में इस नैरेटिव को फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और हेमंत सोरेन सरकार उसी कड़ी में एक और कड़ी जोड़ने का काम कर रही है।

श्री जायसवाल ने कहा कि देश में राहुल गांधी रोज एक नया प्रोपेगेंडा लेकर सामने आते हैं और झारखंड में कांग्रेस के सहयोग से सरकार चल रही है। अब विधानसभा में MMDR और SIR के विरोध में प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि SIR कोई पहली बार नहीं हो रहा है। वर्ष 2026 में हो रही यह प्रक्रिया भारतीय जनता पार्टी का कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही संवैधानिक प्रक्रिया है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार है। घर-घर जाकर BLO फॉर्म भरवाते हैं और इस प्रक्रिया को पूरा करते हैं। पूरी प्रक्रिया उपायुक्त की निगरानी में राज्य के अधिकारी एवं राज्य सरकार की एजेंसियां संपन्न कराती हैं। ऐसे में SIR का विरोध करने का मतलब तो यह हुआ कि झारखंड सरकार स्वयं यह स्वीकार कर रही है कि राज्य में चल रही SIR की प्रक्रिया में कहीं न कहीं उसकी ही गलती है। अपनी ही सरकार में अपने ही काम का विरोध करना और जनता को गुमराह करना नहीं तो और क्या है?

श्री जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार EVM पर सवाल उठाते हैं। उनका कहना है कि EVM से वोटिंग नहीं होनी चाहिए, क्योंकि EVM में गड़बड़ी के कारण ही भाजपा की सरकार बन जाती है। ऐसे में सवाल है कि क्या झारखंड में हेमंत सोरेन इस्तीफा देने वाले हैं? इसी EVM से तो यहां उनकी सरकार बनी है। या फिर झामुमो, कांग्रेस और राजद के वे विधायक, जो EVM से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं और अब EVM का विरोध कर रहे हैं, क्या वे भी इस्तीफा देंगे? जो लोग SIR और EVM की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें नैतिकता के आधार पर पहले इस्तीफा देना चाहिए और फिर SIR का विरोध करना चाहिए। दरअसल, इन दलों को केवल राजनीति और स्टंटबाजी करनी है।

MMDR के मुद्दे पर श्री जायसवाल ने कहा कि यह बिल पूरे देश के लिए बना है, न कि केवल झारखंड के लिए। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां इसका विरोध नहीं हो रहा है। केवल झारखंड में इसका विरोध इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि यहां सेस और टैक्स लगाकर सरकार कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है। जब कोयले का दाम बढ़ेगा तो उसके खरीदार नहीं मिलेंगे। दूसरे प्रदेशों में कोयले की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जबकि झारखंड में इसकी बिक्री घटती जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार को लीगल कोयला बेचना ही नहीं है। लीगल कोयले की बिक्री बाधित हो, इसलिए MMDR का विरोध किया जा रहा है। सरकार के संरक्षण में जो दो नंबर का कोयला बिक रहा है, उस पर अंकुश लगाने की कोशिश हो रही है, इसलिए इन दलों के पेट में दर्द हो रहा है।

श्री जायसवाल ने कहा कि सरकार एक नकारात्मक नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रही है कि वोट चोरी हो रही है और SIR में लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। यदि इन दलों को लगता है कि किसी गांव के 100 लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, तो उन्हें उन लोगों की सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और BLO को उपलब्ध करानी चाहिए। चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से इसकी जांच करता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में SIR की प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले माह मतदाता सूची जारी होने वाली है। मुख्यमंत्री को यदि लगता है कि बांग्लादेशी या घुसपैठियों के नाम कट रहे हैं और इसी वजह से SIR का विरोध किया जा रहा है, तो झामुमो और कांग्रेस के नेताओं को स्पष्ट रूप से बयान देना चाहिए कि वे बांग्लादेश के अवैध वोटरों को झारखंड का मतदाता बनाना चाहते हैं। हमारी पार्टी का मानना है कि ऐसे लोगों का नाम केवल मतदाता सूची से डिलीट ही नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें डिटेन कर डिपोर्ट करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशनलाल चौधरी, अमित यादव, कुमार उज्ज्वल, मंजू कुमारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *