राजनीति

बाबूलाल ने कहा बहुत हुई नौटंकी, इस्तीफा दें CM हेमन्त, जांच का करें सामना, उधर दीपक का बयान भाजपा कार्यकर्ता गीदड़-भभकी से नहीं डरनेवाले

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के तुरन्त बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबू लाल मरांडी ने एक ट्विट किया। ट्विट में उन्होंने क्या लिखा हैं, आप स्वयं देख लीजिये – ‘मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, बहुत हो गया नौटंकी। अब सबक़ सिखाने नहीं सीखने का समय है आपका। ज़रा भी नैतिकता (जो आपके पास है ही नहीं) बची है तो इस्तीफ़ा दीजिये और जाँच का सामना कीजिये। निर्दोष होइयेगा तो बच जाईयेगा और लूट का माल खाये हैं तो जेल जाइयेगा। बेचैन होने की ज़रूरत क्या है?’

बाबू लाल मरांडी के इस ट्विट के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का बयान भाजपा की ओर से जारी किया गया। जिसमें दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री सत्ता मद में अहंकार की भाषा बोलते हुए लोकतंत्र का गला घोटना  चाहते हैं। श्री प्रकाश ने कहा कि भाजपा ने राज्य गठन की प्रसव वेदना झेली है। भाजपा राज्य के संसाधनों को लूटते और बर्बाद होते नहीं देख सकती। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन को बेचने और खरीदने वाले इस दर्द को क्या समझेंगे?

दीपक प्रकाश का कहना था कि भाजपा राज्य के सवा तीन करोड़ जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। भाजपा के कार्यकर्ता जब आपातकाल में कांग्रेस के दमन से नहीं डरे तो फिर आज क्या डरेंगे? उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा सदन से सड़क तक खनिज संसाधनों की मची लूट, युवाओं के साथ हुए धोखे, महिलाओं बहन-बेटियों पर हो रहे अत्याचार, किसानों के साथ हुए वादा खिलाफी, ध्वस्त विधि व्यवस्था, तुष्टिकरण की पराकाष्ठा, ठप्प विकास कार्य को लेकर संघर्ष के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार अपराधियों, बलात्कारियों को भले सजा नही दें, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज करने में तनिक भी पीछे नही रही। फिर भी भाजपा के कार्यकर्ता नहीं डरे। दीपक ने कहा कि जब आम आदमी अपनी सही मांग के लिए रोड जाम करता है तो हेमंत सरकार की पुलिस उस पर मुकदमा करती है लेकिन मुख्यमंत्री जी को सड़क पर भाषण देने में कोई दिक्कत महसूस नहीं होती।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी जनता को कब तक आप धोखा देते रहेंगे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया ने आपको मुख्यमंत्री बनाया है। इसलिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मर्यादाओं के पालन की आपसे जनता अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि देश और राज्य आपके प्रोपगंडा से नही बल्कि भारत की संवैधानिक संस्थाओं, व्यवस्थाओं से चलेगा। आप उसके एक प्रमुख अंग हैं। आप पाक साफ हैं तो आपको फिर डरने की क्या जरुरत?