राजनीति

हेमन्त सोरेन से गुस्साए बाबूलाल मरांडी ने उन्हें ‘किम जोंग उन’ की संज्ञा दी, देश की भाजपा विरोधी पार्टियों को हिन्दू-विरोधी पार्टी करार दिया

राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी इन दिनों झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से इतने खफा है कि उन्होंने आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ‘किम जोंग उन’ के नाम से पुकार दिया। ज्ञातव्य है कि ‘किम जोंग उन’ उत्तर कोरिया के तानाशाह है और अपनी अजब-गजब के कारनामों के कारण पुरी दुनिया में चर्चा में रहते हैं।

बाबूलाल मरांडी ने हेमन्त सोरेन को इधर ‘किम जोंग उन’ कहा तो उधर देश के ज्यादातर प्रमुख पार्टियां जो भाजपा का विरोध कर रही हैं, उन्हें हिन्दू विरोधी पार्टी करार दिया और अपने बयान के पक्ष में उन्होंने कुछ उदाहरण भी प्रस्तुत किये। सर्वप्रथम राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को लेकर उन्होंने क्या टिव्ट किया। पहले उस पर नजर डालिये –

“किम जोंग उन” के आदेश पर डुमरी पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। केवल इसलिए कि उन युवाओं ने “किम जोंग उन” के डुमरी दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इन्हें बेड़ियां ऐसे बांधी जैसे इन्होंने कोई जघन्य अपराध या राष्ट्र विरोधी कृत्य किया हो। अयोग्य आदमी सत्ता के अहंकार और पागलपन में मतांध हो जाता है। लेकिन, उसका विनाश निश्चित होता है।

दूसरी ओर उन्होंने भाजपा का विरोध कर रही पार्टियों के बारे में क्या ट्विट किया। उसे भी देखिये – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व में पूरे देश में सिक्खों का कत्लेआम हुआ। मुलायम सिंह यादव ने निर्दोष रामभक्तों को गोलियों से भुनवाया। लालू प्रसाद यादव ने भगवान राम के रथ को रोकने का पाप किया। हेमन्त सोरेन ने भगवा वस्त्र धारण करनेवाले साधु संतों को बलात्कारी कहा।

एम के स्टालिन की पूरी राजनीति हिन्दू-सनातन विरोध पर टिकी है। अरविन्द केजरीवाल ने ताहिर हुसैन जैसे खूंखार आतंकी का समर्थन किया। ममता बनर्जी ने रामनवमी को दौरान भड़के दंगों के लिए हिंदुओं को दोषी ठहराया। कट्टर हिन्दू विरोधियों का यह गिरोह मिलकर भारत में हिंदुओं को निपटाना चाहता है।