राजनीति

युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए ELC गतिविधियों में तेजी लाएं: के. रवि कुमार

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने राज्य के सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर युवा एवं पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) की गतिविधियों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के माध्यम से युवाओं तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

के रवि कुमार ने कहा कि राज्य के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों, यूनिवर्सिटी एवं स्कूलों में बने इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई एवं इन क्लबों के माध्यम से सभी संस्थानों में  विशेष अभियान चलाकर पात्र भारतीय नागरिकों को ECINET ऐप डाउनलोड करने एवं इसके माध्यम फॉर्म-6 भरकर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र भारतीय युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच ECINET ऐप डाउनलोड कराने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ELC के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी जोर दिया।

उन्होंने बताया कि राज्य के स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थी निर्वाचन संबंधी विभिन्न विषयों पर वीडियो आधारित भाषण तैयार कर गूगल फॉर्म के माध्यम से जमा कर सकेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने सभी जिलों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शैक्षणिक संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर इन गतिविधियों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि युवा वर्ग तक मतदाता जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *