अपनी बात

छठि मइया और भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य देने के लिए झारखण्ड के सभी पवित्र नदियों व विभिन्न जलाशयों के किनारे पहुंचा छठव्रतियों और उनके परिवारों का विशाल जनसमूह, अहं को त्याग किया श्रद्धा निवेदित

आज कार्तिक शुक्लपक्ष की षष्ठी तिथि है। दिन रविवार है। छठि मइया और भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य समर्पित करने का दिन है। ऐसे में झारखण्ड की पवित्र नदियों व विभिन्न जलाशयों के किनारे छठव्रतियों और उनके परिवारों का विशाल जनसमूह नहीं दिखाई दें। यह कैसे हो सकता है? आज एक बार फिर कार्तिक शुक्ल रवि षष्ठी व्रत यानी छठ व्रत के उपलक्ष्य में झारखण्ड के सभी पवित्र नदियों और विभिन्न जलाशयों में छठव्रतियों और उनके परिवारों का विशाल जनसमूह दिखाई पड़ा।

गजब सा दृश्य है। किसी के सिर पर फलों और विभिन्न प्रकार के पकवानों से भरा हुआ दौरा है, तो कोई कंधे पर केला का घवद लादे हैं। कोई अपने कंधे पर ईख का गट्ठर लादे चल रहा है। कोई अपने छोटे बच्चों को रंग-बिरंगे परिधानों से सुसज्जित कर उन्हें कंधे पर बिठाकर जलाशय और पवित्र नदियों की ओर दौड़ लगा रहा है। छठव्रतियों के हाथों में पीतल व तांबे का लोटा है। उनके साथ बालक-बालिकाओं का समूह अलग से पात्र में अर्घ्य देने के लिए गंगाजल, तो कोई गाय का दूध लेकर चल रहा है। किसी के हाथ में आम की डौंगी है। कोई पूजा-अर्चना के लिए नाना प्रकार के फूल व पतियों को लेकर चला जा रहा है।

कोई छठव्रती साष्टांग करते हुए जलाशयों और पवित्र नदियों की ओर बढ़ रहे हैं। कोई छठि मइया की गीत गाती हुई चल रही है। कई महिलाएं छठव्रतियों के पीछे-पीछे उनके साथ सुर से सुर मिलाकर छठि मइया के गीत व भगवान भास्कर के गीत गा रही है। इन गीतों में अपने-अपने परिवार के सदस्यों का नाम भी ले रही है। उन नामों से भगवान भास्कर और छठि मइया को रिझाया जा रहा है। ताकि उनके परिवारों पर छठि मइया और भगवान भास्कर की कृपा बनी रहे।

छठि मइया और भगवान भास्कर के इस महान पर्व को लेकर सरकार ने भी अच्छी सुविधा छठव्रतियों और उनके परिवारों को प्रदान कर दी है। छठ आने के पूर्व ही युद्धस्तर पर चलाया जा रहा विभिन्न जलाशयों को साफ करने का अभियान रंग लाया है। जलाशयों के जल के रंग बदल चुके हैं। छठव्रतियों को उन जलाशयों के जल से स्नान करने में कोई दिक्कतें नहीं आ रही है। जलाशयों के निकट ही बड़े पैमाने पर वस्त्र चेंज करने के लिए कई चेजिंग कक्ष भी बनाये गये हैं। जिससे छठव्रतियों को असुविधाओं का सामना नहीं करना पड़ा है।

कई छठ समितियां कानफाड़ू भोमा (लाउडस्पीकर) लगाकर, कोई डीजे लगाकर छठव्रतियों के हृदय को प्रभावित करने में भी लगी है। लेकिन कोई डर से नहीं बोल रहा। कही किसी की भावना को ठेस नहीं लग जाये और उसे वो हिन्दू विरोधी न कहने लगे। इसलिए भारी मुसीबतों के बीच भी चुप्पी साधकर लोग छठव्रत को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में लगे हैं। कई छठ समितियां अपने यहां गलाफाड़ू गायकों और गायिकाओं को अपने मंच पर बुलाकर बहुत सारे छठव्रतियों को जबर्दस्ती उनके गाये कानफाड़ू गीतों को उनके कानों में ठूस रहे हैं।

कई छठ समितियां अपने यहां छुटभैये नेताओं को मंच पर बुलाकर इस अवसर पर अंगोछा प्रदान कर रही है और उसे अंगवस्त्रम् बोलकर इस प्रकार से उन्हें प्रदान कर रही है। जैसे सामनेवाले को भारत रत्न मिल रहा हो। वो अंगवस्त्र लेनेवाला व्यक्ति भी उसी प्रकार से उसे ग्रहण कर इठला रहा है। जैसे लगता हो कि उसे मोक्ष की प्राप्ति हो गई हो।

नाना प्रकार का दृश्य। नाना प्रकार के लोग। नाना प्रकार की सोच। नाना प्रकार की विसंगतियां। उसके बावजूद सभी प्रसन्न है। क्योंकि आज छठ व्रत का पहला दिन है। सारे घरों और मुहल्लों में सन्नाटा पसरा है। क्योंकि मुहल्लों और घरों के लोग तो पवित्र नदियों और जलाशयों के किनारे पहुंचे हैं। सभी की नजर अस्ताचलगामी सूर्य की ओर है। तभी धीरे-धीरे पश्चिम की ओर सूर्य तेजगति से अस्त होने को उत्सुक होते हैं।

छठव्रतियों का समूह, छठव्रतियों के हाथों में पीले उबटन लगाना शुरु करते हैं। फिर उन हाथों में सिन्दूर और छठव्रती के माथे पर नाक से सिर तक सिन्दूर लगाया जाता है। यह कार्य सम्पन्न होने के बाद, छठव्रती के हाथों में फलों/पकवानों से लदा सुप रखना शुरु होता है। छठव्रती परिक्रमा करती हुई जलाशय में ही घूमती है और पूरा परिवार भगवान भास्कर की ओर देख अर्ध्य समर्पित कर रहा होता है।

इसी बीच जिनकी-जिनकी अर्ध्य पूरी हो चुकी है। सुप और दौरा को व्यवस्थित कर धीरे-धीरे अपने घर की ओर लौटना शुरु कर देते हैं और इस प्रकार आज का प्रथम दिन, प्रथम अर्घ्य के साथ समाप्त होता है। लोग पुनः इस भाव के साथ कल फिर ब्रह्म मुहूर्त में पुनः उपस्थित होंगे। भगवान भास्कर और छठि मइया का गीत गाते हुए अपने घर की ओर चल पड़ते हैं। यह मनभावन दृश्य वर्ष में एक बार ही दिखाई देता है। शायद यही कारण है कि लोग इस दृश्य को विभिन्न दृष्टिकोणों से अपने-अपने मोबाइल में कैद करना नहीं भूलते और फिर मोबाइल में कैद उन दृश्यों को देखकर स्वयं तो खुश होते ही है, अपने परिवारों को भी दिखाकर आनन्द में डूब जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *