अपनी बात

रांची की सड़कों पर उमड़ा पत्रकारों का हुजूम, पत्रकार अभिषेक भारती को रिहा करने की मांग

पत्रकार अभिषेक भारती पर झारखण्ड पुलिस द्वारा किये जा रहे कथित अत्याचार के खिलाफ रांची के पत्रकारों का हुजूम सड़कों पर उतर गया। झारखण्ड आंचलिक पत्रकार संघ और अन्य पत्रकार संगठनों के बैनर तले सैकड़ों पत्रकारों ने अपनी धमक दिखाई और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाये तथा उनसे सवाल भी पूछे। पत्रकारों का कहना था कि प्राथमिकी तो कांग्रेसी विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ हुए। आखिर पुलिस भूषण बाड़ा को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही?

भूषण बाड़ा को गिरफ्तार करने में क्या दिक्कते आ रही हैं। पत्रकार अभिषेक भारती को निशाना क्यों बनाया जा रहा है? कई पत्रकार तो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ गुस्सा निकाल रहे थे। उनका कहना था कि यही हाल रहा तो राहुल गांधी किसी जिंदगी में प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। पत्रकारों का हुजूम रांची की सड़कों पर शांतिपूर्वक ढंग से अपनी बातें रख रहा था, तथा राज्य सरकार तक अपनी बात पहुंचाने में भी सफल रहा।

आज के पत्रकारों के प्रदर्शन में महिला पत्रकारों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और पत्रकार अभिषेक भारती के ऊपर हो रहे अत्याचार को लेकर अपना आक्रोश प्रकट किया। आज का प्रदर्शन उन अखबारों के ऊपर भी करारा तमाचा है। जो इस प्रकरण को हलके में ले रहे थे। आज का प्रदर्शन बता दिया कि तथाकथित बड़े पत्रकार/संपादक या अखबार भले ही पत्रकार अभिषेक भारती की खबरों से मुंह मोड़ लें। सामान्य पत्रकारों के बीच यह मामला सभी के दिलों में धधक रहा है।

अगर इस आग को जल्द शांत नहीं किया गया। तो इसका प्रभाव उन लोगों पर अवश्य पड़ेगा, जो इसे सामान्य घटना मानकर चल रहे हैं। कांग्रेस को चाहिए कि वो इस मुद्दे को हल्के में न लें। साथ ही झारखण्ड पुलिस को भी चाहिए कि कानून सम्मत कार्य करने में ज्यादा ध्यान दें। न कि पत्रकार को वो भी हक न दें, जो कि एक सामान्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिये जाने पर दिया जाता है। ज्यादातर पत्रकारों की मांग थी कि पत्रकार अभिषेक भारती को जल्द रिहा किया जाये, क्योंकि उसने कोई अपराध नहीं किया। बल्कि पत्रकारिता धर्म का निर्वहन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *