राजनीति

CM हेमंत सोरेन की संवेदनशील पहलः अब राज्य के वृद्ध, गंभीर रूप से बीमार एवं दिव्यांग कलाकारों को मासिक निवृत्तिका कलाकार पेंशन योजना के तहत मिलेगा चार हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की संवेदनशील पहल एवं मार्गदर्शन में झारखंड सरकार ने राज्य के वृद्ध, गंभीर रूप से बीमार एवं स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए “मासिक निवृत्तिका (कलाकार पेंशन) योजना” को स्वीकृति प्रदान की है। पात्र कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित कलाकारों को ₹4,000 प्रतिमाह सम्मान राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से उनके आधार-संबद्ध बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।

कला-संस्कृति विभाग के निदेशक आसिफ एकराम ने बताया कि यह योजना उम्र, गंभीर बीमारी अथवा स्थायी दिव्यांगता के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे कलाकारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल कलाकारों के जीवनपर्यंत योगदान के प्रति राज्य सरकार के सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

योजना की प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार है – पात्र कलाकारों को ₹4,000 प्रतिमाह आर्थिक सहायता। राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में DBT के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। योजना का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि कलाकारों के योगदान का सम्मान करना भी है।

आवेदन प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी रखी गई है, जिससे पात्र कलाकारों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। निम्न श्रेणियों के कलाकार आवेदन कर सकते हैं: झारखंड के मूल निवासी कलाकार। वृद्ध कलाकार। गंभीर रूप से बीमार कलाकार। स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकार। संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोककला, चित्रकला, मूर्तिकला तथा अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकार।

आवश्यक दस्तावेजों में आवेदन के साथ निम्नलिखित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा – आवेदन प्रपत्र। आयु प्रमाण-पत्र। वार्षिक आय प्रमाण-पत्र। निवास प्रमाण-पत्र। आधार कार्ड की प्रति। बैंक खाते का विवरण। कला क्षेत्र में उपलब्धियों, सम्मान एवं पुरस्कारों के प्रमाण-पत्र। गंभीर बीमारी अथवा दिव्यांगता की स्थिति में सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत चिकित्सा/दिव्यांगता प्रमाण-पत्र।

आवेदन प्रक्रिया योजना संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आवेदन प्रपत्र www.jharkhandculture.com पर उपलब्ध हैं। आवेदन प्रपत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों सहित सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, रांची में जमा किया जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि: 31 जुलाई 2026 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *