शर्मनाकः नेता भाजपा का और उसे मदद की कांग्रेसियों ने, भूल गये भाजपाई अपने पानीवाले बाबा को…
कांग्रेस पार्टी से जुड़े पलामू के कैसर जावेद फेसबुक पर लिखते हैं कि परशुराम ओझा जी रिम्स के आईसीयू में भर्ती हो गये है। मेरी पार्टी के प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दूबे जी को मैंने मदद का आग्रह किया था। उन्होंने मदद कर यह कार्य कराया। रिम्स में आईसीयू मिलना कठिन रहता है। परशुराम ओझा जी पलामू बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इनको पानी बाबा के नाम से पूरा डालटनगंज शहर पुकारता है।
एक दिन पहले परशुराम ओझा ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा था – ‘कुछ दिनों से मेरी तबियत खराब चल रही हैं, सोचा आपको बता दूं। आप मुझे फोन करके हाल जरुर लीजियेगा। 7488122560’ मतलब, एक भाजपा नेता जो जिलाध्यक्ष तक रह चुका है। जिसकी समाज सेवा के लोग कायल रहे हैं। जो पानी बाबा के नाम से पूरे पलामू में प्रसिद्ध रहे हैं।
उनकी हालत ऐसी है कि वे फेसबुक वॉल पर कह रहे हैं कि उनकी तबियत खराब है, सोचा आपको बता दूं और फिर वे मोबाइल नंबर अपना दे रहे है और देखिये भाजपा में बैठे धन्ना सेठों सांसदों-विधायकों को, जो उनका सुध तक नहीं लिया। अंत में कांग्रेस पार्टी के सामान्य स्तर के नेताओं ने परशुराम ओझा को आनन-फानन में सही इलाज के लिए रांची के रिम्स के आईसीयू में भर्ती करा दिया।
पलामू के वरिष्ठ समाजसेवी एवं साहित्यकार रवि शंकर पांडेय, भाजपा के इस जनप्रिय नेता परशुराम ओझा के वर्तमान दयनीय दशा से इतने दुखी है कि परशुराम ओझा के फेसबुक वॉल पर उनके द्वारा की गई विनती को अपने फेसबुक वॉल पर शेयर करते हुए लिखते हैं कि मित्रों, पानी वाले बाबा के नाम से सुप्रसिद्ध परशुराम ओझा जी किसी परिचय के मोहताज नहीं।
पलामू भाजपा के आजीवन समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। इसके अतिरिक्त ये बीमार और लाचार की सेवा में भी सदैव अग्रणी रहे हैं। अनेक बार रक्तदान किया। तथा मुश्किल घड़ी में अनगिनत लोगों के पीछे खड़े रहे। अभी ये स्वयं सख्त बीमार हैं। इलाज के लिए पैसे भी नहीं। इनके स्वास्थ्य लाभ के लिए अनेक लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की है।
मैं उन सभी उदारमना लोगों से विनम्र आग्रह करना चाहूंगा कि निम्न लिखित नंबर पर यथा संभव इनकी आर्थिक मदद करने की भी कृपा करें। मो० परशुराम ओझा—7488122560 इस नंबर से सीधे इनके खाते में पैसा चला जायेगा। रवि शंकर पांडेय, परशुराम ओझा की दरियादिली के बारे में कविता के माध्यम से बताते हैं कि…
इस फकीर की झोली बिल्कुल ही खाली है।
बंदा कल भी मवाली था और आज भी मवाली है।
परंतु इसने ताउम्र पूरे समाज को परिवार बनाया है।
समाज सेवा को ही अपने जीवन का आधार बनाया है।
जितने लोगों का इनके लिए दुआओं का हाथ उठा है।
छोटी छोटी आर्थिक मदद का भी हाथ उठ जाय।
इनके ऊपर एक बड़ा भारी उपकार होगा।
आपकी मदद इनके लिए एक बड़ा मानवीय उपहार होगा।
रवि शंकर पांडेय द्वारा लिखे इस मार्मिक कविता का असर हुआ है। भाजपा के कुछ कुम्भकर्णी निद्रा में डूबे नेताओं को स्मरण आया है कि कोई परशुराम ओझा है, जो अभी भीषण आर्थिक संकट में हैं और वे बीमार भी है, जिनका बेहतर इलाज जरुरी है। लोग धीरे-धीरे ही सही अपनी आंखें खोलने शुरु किये हैं। देखते हैं कि उनकी मदद कहां तक पहुंचती है। विद्रोही24 की नजर उस ओर लगी रहेगी।
इधर, रवि शंकर पांडेय जी परशुराम ओझा के बारे में विस्तार से बताते हुए लिखते है कि वर्ष 1987 में परशुराम ओझाजी को भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने के लिए उन्होंने ही उन्हें प्रेरित किया था। तब वे एकीकृत बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री थे। ये वो दौर था जब भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व शून्य से शिखर की ओर अग्रसर होने की एक ऐसी कहानी लिख रहा था जहां उसे समर्पित कार्यकर्ताओं के बड़े कारवां की तलाश थी।
उसे ऐसे कार्यकर्ताओं की तलाश थी जो राजनीति से कुछ पाने की दौड़ में तो सबसे पीछे रहे परंतु जहां कुछ खोने की बारी आये तो वह आगे हो जाये। उल्लेखनीय है कि 1984 में श्रीमती गांधी की हत्या के बाद जो आम चुनाव हुआ उसका परिणाम न केवल अकल्पनीय था अपितु अविश्वसनीय भी प्रतीत हो रहा था। कारण? कांग्रेस के पक्ष में सहानुभूति की एक ऐसी लहर जो ज्वार में तब्दील हो चुकी थी और तमाम विरोधी पार्टियों का सूपड़ा साफ हो चुका था।
कांग्रेस को लोकसभा की 542 में से 415 सीटें प्राप्त हुई थी जो अब तक की सबसे अप्रत्याशित जीत थी। केंद्र के तमाम दिग्गज नेता चुनाव हार चुके थे। ऐसे में आवश्यकता इस बात की थी कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने हौसले को न हारे और पार्टी की जड़ों को फिर से सींचने लिए अहर्निश तत्पर रहे। परशुराम ओझाजी उसी दौर के भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। जिनके सूदना आवास पर झारखंड के प्रायः सभी वरिष्ठ नेताओं का आगमन होता रहा है।
उन्होंने विधायक के टिकट को प्राप्त करने के लिए कभी कोई लाबी नहीं की। परंतु हर चुनाव में अपने घर का खाना खा कर चुनाव प्रचार अभियान में दिन रात लगे रहे। इसके अलावे उनकी एक और सक्रियता थी। नगर वासियों को शुद्ध पेयजल मिले इसके लिए वह करीब तीस वर्षों से संघर्षरत रहे हैं जिसके कारण उन्हें पानी वाले बाबा के नाम से जाना जाने लगा। आज रिम्स में कई रोगों का शिकार वही परशुराम ओझा न केवल उन असाध्य रोगों से लड़ रहा है अपितु अपनी अद्वितीय जिजीविषा से भी रू-ब-रू है।
