अपराध

नाबालिग आदिवासी लड़की से जुड़े पॉक्सो मामले में NHRC सख्त, पत्रकार की गिरफ्तारी पर लिया संज्ञान, झारखंड के DGP और मुख्य सचिव को नोटिस, दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की से जुड़े पॉक्सो (POCSO) मामले और इस प्रकरण की रिपोर्टिंग करने वाले एक पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले में प्राप्त शिकायत पर सुनवाई करते हुए झारखंड सरकार के अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।

शिकायत में पॉक्सो मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। इसके अलावा, एक स्थानीय समाचार संगठन के कार्यालय में कथित छापेमारी, पत्रकारिता से जुड़े उपकरणों की जब्ती तथा नाबालिग से संबंधित मामले में रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर भी गंभीर चिंताएं जताई गई हैं।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत मामले का संज्ञान लेते हुए झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग ने राज्य सरकार के संबंधित अधिकारियों को शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराने तथा इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) दो सप्ताह के भीतर आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही आयोग की कार्यवाही की एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी आवश्यक जानकारी के लिए भेजी गई है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के इस कदम के बाद अब राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी। आयोग ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर रिपोर्ट तलब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *