राजनीति

पत्रकार अभिषेक भारती पर झारखण्ड पुलिस द्वारा की जा रही क्रूरता, उन्हें दी जा रही अमानवीय यातनाओं के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से लगाई गुहार

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले व्हिसिलब्लोअर पत्रकार अभिषेक भारती के साथ सिमडेगा पुलिस द्वारा हिरासत में बर्बरतापूर्ण यातना दिए जाने के गंभीर आरोपों को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखकर तत्काल स्वतः संज्ञान लेने और अपनी निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया है।

उन्होंने कहा है कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, पाकरटांड़ थाना में अभिषेक भारती को मनचाहा बयान देने के लिए कथित तौर पर घंटों प्रताड़ित किया गया। उनके तलवों पर लाठियां बरसाने, उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर मारपीट करने और अदालत में पेशी के दौरान बेहोश होकर गिरने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, न्यायालय परिसर में उनकी स्थिति का वीडियो बनाने वाले तीन पत्रकारों के मोबाइल से रिकॉर्डिंग मिटाने का भी गंभीर आरोप है।

श्री मरांडी ने आयोग से अभिषेक भारती को तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से उनकी जांच कराने, संबंधित थानों एवं न्यायालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज, स्टेशन डायरी, न्यायालय के दस्तावेज और अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख सुरक्षित कराने तथा सभी संबंधित पत्रकारों के बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज कराने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का पत्र इस प्रकार है…

सेवा में,

माननीय अध्यक्ष,

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC),

मानव अधिकार भवन, ब्लॉक-सी, जीपीओ कॉम्प्लेक्स,

आईएनए, नई दिल्ली – 110023

विषय:- सिमडेगा (झारखंड) में विधायक भूषण बारा से जुड़े कथित यौन शोषण प्रकरण को उजागर करने वाले व्हिसिलब्लोअर पत्रकार श्री अभिषेक भारती के साथ हिरासत में बर्बर यातना के मामले में स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र जाँच कराने के संबंध में।

महोदय/महोदया,

मैं, आपका ध्यान झारखंड के सिमडेगा जिले में मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन और पुलिस प्रशासन के अत्यंत पक्षपातपूर्ण एवं दमनात्मक रवैये की ओर आकृष्ट करना चाहता हूँ। इस पूरे घटनाक्रम की जड़ काँग्रेस के विधायक श्री भूषण बारा से जुड़ा एक नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण का अत्यंत गंभीर मामला है। यह अत्यंत चिंताजनक और कानून के शासन के विपरीत है कि इतने जघन्य आरोप के घेरे में आए सत्ताधारी दल के विधायक श्री भूषण बारा के प्रति पुलिस प्रशासन का रवैया जहाँ पूरी तरह नरम और संदिग्ध रूप से रक्षात्मक बना हुआ है, वहीं इस प्रकरण को साहसपूर्वक उजागर करने वाले व्हिसिलब्लोअर पत्रकार श्री अभिषेक भारती को ही निशाना बनाकर उनके साथ अमानवीय पुलिसिया बर्बरता किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। एक ओर प्रभावशाली आरोपी को कानून की सख्ती से बचाए जाने की आशंका है, तो दूसरी ओर सच सामने लाने वाले पत्रकार को हिरासत में यातना देकर उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास किया गया है।

सिमडेगा के स्थानीय नागरिकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाकरटांड़ थाना पुलिस ने श्री अभिषेक भारती पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाने के लिए 25 नवंबर 2026 की रात से 26 नवंबर के अपराह्न लगभग तीन बजे तक हिरासत में रुक-रुककर बर्बरतापूर्ण मारपीट की। आरोप है कि उनके तलवों पर बार-बार लाठियाँ मारी गईं, उनकी उँगलियों के बीच पेंसिल फँसाकर दोनों हाथों पर प्रहार किए गए तथा उन्हें मुँह के बल लिटाकर पीटा गया। इस पूरी अवधि में कथित तौर पर उन पर अदालत में पुलिस के कहे अनुसार बयान देने का दबाव बनाया जाता रहा। असहनीय पीड़ा और प्राणों के संकट को देखते हुए उन्होंने पुलिस से पिटाई बंद करने की गुहार लगाते हुए यहाँ तक कह दिया कि पुलिस चाहे तो उनसे सादे कागज़ों पर हस्ताक्षर करा ले, जिसके पश्चात वे अचेत हो गए। यद्यपि मुझ तक पहुँचे इस विवरण की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी शेष है, किंतु यदि किसी व्यक्ति को हिरासत में इस स्थिति तक पहुँचाया गया है, तो उन सभी कागज़ात की भी गहन जाँच अनिवार्य है जिन पर हिरासत के दौरान उनके हस्ताक्षर लिए गए हों।

न्यायालय में पेशी के दौरान भी अत्यंत चिंताजनक परिस्थितियाँ सामने आई हैं। बताया गया है कि जब श्री भारती को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया, तब वे अपने पैरों पर खड़े होने या चलने की स्थिति में नहीं थे और चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष ले गए, जहाँ वे बेहोश होकर गिर पड़े। न्यायालय द्वारा उनकी नाजुक स्थिति देखकर तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिए जाने के बावजूद, पुलिस कथित तौर पर उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले गई और हालत अत्यधिक बिगड़ने पर ही उन्हें सदर अस्पताल पहुँचाया गया। अंतिम सूचना के अनुसार वे अस्पताल के बिस्तर पर अचेत अवस्था में थे। इसी घटनाक्रम से जुड़ा एक अन्य गंभीर तथ्य यह है कि न्यायालय परिसर में उनकी स्थिति का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को भी टाउन थाने ले जाकर लगभग चार घंटे तक बैठाए रखा गया, उनके मोबाइल फोन कब्ज़े में लिए गए और रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाने के बाद ही उन्हें रात में छोड़ा गया।

अतः माननीय आयोग से मेरा विनम्र अनुरोध है कि इस अत्यंत संवेदनशील प्रकरण का तत्काल स्वतः संज्ञान लेते हुए अपनी निगरानी में एक निष्पक्ष और स्वतंत्र जाँच सुनिश्चित कराए। श्री अभिषेक भारती को अविलंब समुचित एवं उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा एक स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से उनकी जाँच कराकर शरीर पर आई सभी चोटों का विस्तृत अभिलेख तैयार किया जाए। इसके साथ ही पाकरटांड़ थाना, सिमडेगा टाउन थाना और न्यायालय परिसर की संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, थानों की स्टेशन डायरी, हिरासत एवं पेशी से जुड़े दस्तावेज़ तथा सदर अस्पताल के चिकित्सा रजिस्टर को तत्काल सुरक्षित कराने के निर्देश दिए जाएँ, ताकि गिरफ्तारी से लेकर अस्पताल में भर्ती होने तक की वास्तविक समय-सारणी और तथ्य स्पष्ट हो सकें।

मेरा यह भी आग्रह है कि चिकित्सकीय रूप से सक्षम होते ही श्री अभिषेक भारती का बयान आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष दर्ज कराया जाए। साथ ही, जिन तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो मिटाने का आरोप है, उन्हें सुरक्षा प्रदान करते हुए स्वतंत्र रूप से अपना बयान दर्ज कराने का अवसर दिया जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि साक्ष्य मिटाने का यह कृत्य किसके निर्देश पर किया गया। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून के समक्ष समानता सर्वोपरि है। नाबालिग के यौन शोषण जैसे गंभीर मामले के आरोपी को संरक्षण और उसे उजागर करने वाले पत्रकार को हिरासत में यातना देना न्याय व्यवस्था और प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है। हिरासत में लिए गए नागरिक की सुरक्षा का दायित्व पुलिस का होता है और इस भरोसे को तोड़ने वाले दोषियों के विरुद्ध, उनके पद और राजनीतिक प्रभाव की परवाह किए बिना, कठोर कानूनसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। आशा है कि माननीय आयोग इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा।

भवदीय

(बाबूलाल मरांडी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *