पाकुड़ में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के परिसर से पाइप डकैती का चार घंटे में खुलासा, बिहार और बंगाल के 10 अपराधी गिरफ्तार, 42 पीस लोहे का डीआई पाइप, वारदात में प्रयुक्त ट्रक व बोलेरो जब्त
पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के परिसर से लोहे के डीआई पाइप की डकैती की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर उद्भेदन कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से डकैती किए गए 42 पीस लोहे के डीआई पाइप बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत चार से पांच लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल एक ट्रक और एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 की रात पाकुड़िया थाना अंतर्गत कंगला मोड़ के समीप सलगापाड़ा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में संचालित ग्रामीण जलापूर्ति योजना से 8-10 अज्ञात अपराधियों द्वारा लोहे के डीआई पाइप की डकैती कर लिए जाने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) ने तत्काल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महेशपुर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया।
गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। पुलिस की सक्रियता के परिणामस्वरूप घटना में शामिल सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ग्रामीण जलापूर्ति योजना के परिसर से लोहे के डीआई पाइप की डकैती करने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर डकैती किए गए पाइप और घटना में प्रयुक्त वाहनों को बरामद कर लिया।
मुर्शिदाबाद और बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में ताज मुहम्मद शेख (55), जहांगीर आलम (35), उत्पल शील (33), मानिक शील (48), नील कमल शील (30), सजल दास (42), सिराज शेख (22), तुजामेल शेख (28), नशीरुद्दीन (31) और संजीत महतो (46) शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि संजीत महतो मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रह रहा था। तुजामेल शेख बोलेरो तथा संजीत महतो ट्रक का चालक बताया गया है।
ट्रक, बोलेरो समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अशोक लेलैंड ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर WB19K-2283), एक महिंद्रा बोलेरो (रजिस्ट्रेशन नंबर WB26AV-7837), डकैती किए गए 42 पीस लोहे के डीआई पाइप, विभिन्न कंपनियों के आठ मोबाइल फोन, एक लोहे का रॉड और एक लाठी बरामद की है।
कई आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। ताज मुहम्मद शेख के विरुद्ध बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना में वर्ष 2025 में डकैती से संबंधित मामला तथा मुर्शिदाबाद थाना में वर्ष 2019 में प्राथमिकी दर्ज है। जहांगीर आलम भी मोहम्मद बाजार थाना कांड संख्या 223/2025 में आरोपी रहा है।
वहीं, नील कमल शील के विरुद्ध मुर्शिदाबाद थाना में वर्ष 2026 तथा गंगारामपुर थाना में वर्ष 2024 में मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह का अपराध करने का तरीका विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देना था। इसका कार्यक्षेत्र पाकुड़ के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाके भी रहे हैं।
इस मामले में वादी भोला कुमार राय (30 वर्ष), निवासी बारादाहा, थाना खागा, जिला देवघर के फर्दबयान के आधार पर पाकुड़िया थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। महज चार घंटे में डकैती जैसे गंभीर कांड का उद्भेदन और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी को पाकुड़ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
