16 मिनट विलम्ब से प्रारंभ हुए विशेष सत्र के पहले दिन मतदाता सूची पुनरीक्षण पर झारखंड सरकार का बड़ा कदम: मौजूदा प्रक्रिया पर रोक लगाकर सरल एसओपी बनाने का प्रस्ताव
झारखण्ड विधानसभा के षष्ठम मानसून सत्र के दौरान आज एसआईआर और एमएमडीआर पर दो दिनों का विशेष सत्र आहूत किया गया। जो कल यानी गुरुवार तक चलेगा। आज विशेष सत्र का पहला दिन 16 मिनट विलम्ब से प्रारंभ हुआ। स्पीकर रवीन्द्रनाथ महतो ठीक 11.16 बजे सदन में पहुंचे, जिसके बाद सदन की कार्यवाही प्रारंभ हुई।
इस दौरान बुधवार (25 नवंबर, 2026) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक महत्वपूर्ण राजकीय संकल्प पेश किया गया। राज्य सरकार ने एसआईआर की जटिल प्रक्रिया, तकनीकी खामियों और दस्तावेजों की सख्त शर्तों के कारण आम मतदाताओं को हो रही भारी परेशानियों को देखते हुए वर्तमान प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और सभी राजनीतिक दलों की सहमति से सरल एसओपी (SOP) तैयार कर नए सिरे से पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव रखा है।
38 प्रतिशत से अधिक मतदाता प्रभावित, 16% के नाम कटे
विधानसभा की कार्यसूची में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रथम चरण के प्रारूप प्रकाशन में केवल 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम ही शामिल किए गए हैं। इसका सीधा अर्थ है कि लगभग 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से काट (Delete) दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, ड्राफ्ट रोल में शामिल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से भी करीब 27 प्रतिशत को संदिग्ध मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस पाने वाले 75 प्रतिशत से अधिक मामले केवल माता-पिता के नाम की वर्तनी (Spelling) में अंतर या उम्र के मामूली हेरफेर जैसी तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं। कुल मिलाकर राज्य के 38 प्रतिशत से अधिक मतदाता या तो सूची से बाहर हो गए हैं या संदेह के दायरे में हैं।
वैध मतदाताओं पर खुद को साबित करने का दबाव
प्रस्ताव में कहा गया है कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र के हर पात्र नागरिक का नाम जोड़ना आयोग का दायित्व है, लेकिन वर्तमान प्रक्रिया में वैधता साबित करने की पूरी जिम्मेदारी (Onus of proof) मतदाता पर डाल दी गई है। सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश उज्ज्वल भुइयाँ की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा गया कि लाखों नागरिकों को मताधिकार से वंचित कर उन्हें अपने ही देश में द्वितीय श्रेणी का नागरिक बनाना संवैधानिक व्यवस्था का उल्लंघन है।
झारखंड की विशेष परिस्थितियां और प्रमुख समस्याएं
संकल्प में राज्य की आदिवासी बहुल आबादी और ग्रामीण पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए पुनरीक्षण में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को रेखांकित किया गया है:
दस्तावेजों का संकट: बुजुर्गों और आदिवासियों के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक सर्टिफिकेट या पासपोर्ट जैसे 11 निर्धारित दस्तावेज नहीं हैं। आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी और यहाँ तक कि ‘खतियान’ को भी मान्य दस्तावेजों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। अशिक्षा के कारण सरकारी दस्तावेजों में अनुमान से दर्ज जन्मतिथि को ‘तार्किक विसंगति’ मानकर वैध मतदाताओं को वंचित किया जा रहा है।
प्रवासी मजदूर और छात्र: आजीविका के लिए दिल्ली, मुंबई, सूरत आदि शहरों में गए लाखों प्रवासी मजदूरों और बाहरी राज्यों में पढ़ रहे छात्रों के लिए घर आकर फॉर्म भरना कठिन हो रहा है, जिससे उनके नाम कटने का खतरा है।
महिलाएं और बुजुर्ग: 1987 से पहले जन्मे बुजुर्गों से उनके माता-पिता के दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। वहीं, विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को मायके व ससुराल के रिकॉर्ड तथा अद्यतन दस्तावेजों के अभाव में भारी जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ रहा है।
तकनीकी और समय की कमी: बीएलओ (BLO) को महज 2-3 सप्ताह में 1000 से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य दिया गया। फॉर्म केवल हिंदी और अंग्रेजी में होने, स्मार्टफोन की कमी तथा पुराने नंबर पर ओटीपी (OTP) जाने जैसी तकनीकी समस्याओं से ग्रामीण ऑनलाइन सुधार पोर्टल का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के अनुभव से सबक लेने की जरूरत
प्रस्ताव में पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए बताया गया कि वहां चुनाव से ठीक पहले हुए एसआईआर में 90 लाख से अधिक नाम काट दिए गए थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बने ट्रिब्यूनल में 38 लाख से अधिक अपीलें लंबित रहीं, जिससे लाखों लोग मतदान से वंचित रह गए। झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में यह स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
केंद्र सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह सिद्धांत रूप में एसआईआर के पक्ष में है, लेकिन अनुच्छेद 326 के तहत मिले सार्वभौमिक मताधिकार की रक्षा के लिए वर्तमान प्रक्रिया में बदलाव जरूरी है। मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद, 23 नवंबर 2026 के संकल्प संख्या-1271 पर विधानसभा की सहमति लेकर इसे केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग को भेजने का निर्णय लिया गया है।
