विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नोटिस-सुनवाई के क्रम में CEO ने स्वीकार किया कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र ज्यादा प्राप्त हो रहे, सतर्क रहें पदाधिकारी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने आज निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में एसआईआर कार्यों की सुपर चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में उनके द्वारा 21 एवं 22 नवंबर को संथाल परगना प्रमंडल के जरमुंडी, पाकुड़ एवं राजमहल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं में गंभीर कमियां सामने आई हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल होने से रोकना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान एवं नागरिकता अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के अनुसार केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता बनने के पात्र हैं। नागरिकता से संबंधित मामलों में जन्म की तिथि एवं लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार पात्रता का सत्यापन किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आवेदनों की जांच के क्रम में यह पाया गया है कि कई मामलों में माता-पिता का नाम एवं उनकी एपिक संख्या उपलब्ध होने के बावजूद गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र एवं आदेश पत्रक में इसका उल्लेख नहीं किया जा रहा है। ECINET पर उपलब्ध एपिक संख्या का अनिवार्य रूप से सत्यापन एवं अंकन किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन आवेदकों के माता-पिता पूर्व के विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में पंजीकृत हैं, उनके विवरणी को संबंधित आवेदक के साथ अनिवार्य रूप से लिंक किया जाए। माता-पिता के निधन अथवा मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए।
के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष रूप से ऐसे मामलों की गहन जांच की जाए, जिनमें आवेदक के माता-पिता जीवित हैं, लेकिन उनके विवरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ऐसे मामलों में संबंधित पदाधिकारी आवेदक से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए नियमानुसार सत्यापन एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी स्थिति में निर्धारित प्रपत्रों में माता-पिता का नाम एवं उपलब्ध एपिक संख्या दर्ज करने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि गढ़वा, रांची एवं पलामू में भी सुपर चेकिंग के दौरान कई मामलों में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र संलग्न किए जाने की जानकारी मिली थी वहीं दिनांक 22 नवंबर को पाकुड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में किए गए सुपर चेकिंग में भी फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पाया गया इस हेतु जिला निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए आवेदकों की पात्रता का सत्यापन किया जाए। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा ऐसे दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि ERONet में नोटिस जारी किए जाने वाले मामलों में संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा सुनवाई के उपरांत अनिवार्य रूप से स्पीकिंग ऑर्डर पारित किया जाए। सुनवाई के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों के मामलों में भी सक्षम पदाधिकारी द्वारा विधिवत आदेश पारित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम बिना समुचित जांच, कारण एवं सक्षम स्तर से आदेश पारित किए अंतिम रूप से नहीं हटाया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में अभिलेखों में कमियां पाई गई हैं अथवा निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन नहीं किया गया है, उनमें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी अपने-अपने जिलों में सुपर चेकिंग करते हुए 30 नवंबर 2026 तक अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर कार्य के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय उपलब्ध कराया गया है। इस अवधि का उपयोग प्रत्येक आवेदन की गहन एवं निष्पक्ष जांच के लिए किया जाए। साथ ही नए एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराते हुए उन्हें आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए। वर्तमान में प्राप्त सभी आवेदनों का ECINET पर समयबद्ध डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को स्वच्छ, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं नागरिकता अधिनियम के प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में स्थान प्राप्त न कर सके।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
