राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के हाथों सम्मानित हुए सर्वश्रेष्ठ विधायक निरल पूर्ति एवं अन्य विधानसभा कर्मी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट विधायक, विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस वर्ष उत्कृष्ट विधायक के रूप में मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को सम्मानित किया गया। वहीं, विधानसभा के पूर्व सदस्यों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन तथा ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
विधानसभा लोकतंत्र का वह महत्वपूर्ण मंदिर है, जहाँ जनता की आकांक्षाएँ विचारों का रूप लेती हैः राज्यपाल
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखण्ड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर सभी माननीय सदस्यों से सदन की कार्यवाही में नियमित रूप से उपस्थित रहने तथा जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रिय और सार्थक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठने वाले प्रश्नों में जनता की समस्याएँ, अपेक्षाएँ और आकांक्षाएँ प्रतिबिंबित होती हैं। इसलिए सदस्यों की उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक है।
राज्यपाल ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का वह महत्वपूर्ण मंदिर है, जहाँ जनता की आकांक्षाएँ विचारों का रूप लेती हैं और सार्थक विमर्श के माध्यम से जनकल्याण की नीतियाँ एवं कानून बनते हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच स्वस्थ संवाद एवं रचनात्मक विमर्श लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं। राजनीतिक जीवन में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन वे मनभेद में नहीं बदलने चाहिए। सदन की मर्यादा और संसदीय परंपराओं का सम्मान करना सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। विधानसभा की सार्थकता केवल पारित विधेयकों से नहीं, बल्कि राज्य की जनता के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से तय होती है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर विधानसभा के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, अधिकारियों, कर्मियों तथा प्रदेश की जनता को स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगाँठ पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि झारखण्ड का गठन लंबे संघर्ष, जनआकांक्षाओं और असंख्य लोगों के त्याग एवं प्रयासों का परिणाम है। 15 नवंबर, 2000 को अलग राज्य के रूप में झारखण्ड राज्य का उदय हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व वाली तत्कालीन केंद्र सरकार ने इस ऐतिहासिक जनआकांक्षा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस समय केंद्र सरकार में मंत्री एवं लोकसभा सांसद के रूप में उन्हें राज्य गठन की ऐतिहासिक प्रक्रिया का साक्षी बनने का अवसर मिला।
राज्यपाल ने कहा कि झारखण्ड की पहचान इसकी प्राकृतिक संपदा, जनजातीय विरासत, सांस्कृतिक विविधता और मेहनतकश जनता में निहित है। खनिज एवं वन संपदा, कृषि, पर्यटन, उद्योग और युवा मानव संसाधन राज्य की बड़ी ताकत हैं। इन संसाधनों का संतुलित, पारदर्शी और दूरदर्शी उपयोग करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना आवश्यक है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को साकार करने में झारखण्ड जैसे प्राकृतिक संसाधनों और युवा शक्ति से समृद्ध राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकास का वास्तविक अर्थ है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा, युवाओं को रोजगार के अवसर, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य तथा महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिले।
राज्यपाल ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे आठ बार बरेली से लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने को सदैव प्राथमिकता दी, हमेशा प्रयास किया कि उनसे मिलने आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपनी बात रख सके। उनकी जीवनशैली एवं कार्यशैली में आज भी यही भावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा पद जनता का विश्वास है और जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी उपलब्धि उस विश्वास पर खरा उतरना है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर झारखण्ड विधानसभा के सर्वश्रेष्ठ विधायक के रूप में सम्मानित निरल पूर्ति जी को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मान अन्य सदस्यों को भी सदन की गरिमा बनाए रखने और जनहित के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए स्वस्थ संवाद एवं रचनात्मक सहयोग के साथ झारखण्ड को विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के मार्ग पर आगे ले जाने का आह्वान किया।
लोकतंत्र का मंदिर है झारखंड विधानसभा, इसकी गरिमा और ताकत को पूरी दुनिया मानती हैः हेमन्त सोरेन
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हम सभी झारखंड विधानसभा की 26वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। राज्य का यह सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है। लोकतंत्र के इस पवित्र मंदिर में सभी समान हैं। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। इस मंदिर की ताकत और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था का लोहा पूरी दुनिया मानती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में विभिन्न संवैधानिक पदों पर आसीन जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं समितियां हैं, जिनकी अपनी-अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। सभी का उद्देश्य राज्य के विकास, जनकल्याण और जनमानस के हितों की रक्षा करना है। विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का वह महत्वपूर्ण मंच है, जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और आम नागरिकों के हित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होता है।
झारखंड की नीतियां और योजनाएं देश के अन्य राज्यों के लिए भी बन रही हैं नजीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने कई क्षेत्रों में अपनी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से देश के सामने एक अलग पहचान बनाई है। विशेषकर महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना देश के अन्य राज्यों में भी हो रही है। झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है। हमें इस दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना है, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे।
वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर सरकार कर रही है कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्ष 2050 तक हमारा झारखंड कैसा होगा, राज्य विकास के किन नए आयामों को प्राप्त करेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए हम कैसी व्यवस्था तैयार करेंगे, इन सभी विषयों को ध्यान में रखकर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि झारखंड को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण के पीछे हमारे पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों का लंबा संघर्ष एवं बलिदान रहा है। अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में जिन लोगों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। राज्य की आने वाली पीढ़ियों तक विकास का लाभ पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य का निर्माण हो, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का वह पवित्र मंदिर है, जहां राज्य के जनसामान्य के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं। हम सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो।
इस समारोह में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति, झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित विधायकगण, पूर्व विधायकगण, विधानसभा के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
