राजनीति

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में खनिज आधारित उद्योगों, निवेश और रोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहा झारखंड

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से खान एवं भूविज्ञान विभाग, झारखंड सरकार द्वारा राज्य की समृद्ध खनिज संपदा और खनन क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। झारखंड को देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में विशिष्ट पहचान प्राप्त है। इसी पहचान को दर्शाते हुए पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थरों सहित राज्य के प्रमुख खनिजों का विस्तृत प्रदर्शन किया गया है।

खान एवं भूविज्ञान विभाग राज्य की प्राकृतिक संपदा, खनन क्षेत्र की संभावनाओं और देश की औद्योगिक प्रगति में झारखंड के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने माइनिंग टूरिज्म की अनूठी पहल शुरू की है। इस पहल के माध्यम से पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कर खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र के योगदान को करीब से देखने एवं समझने का रोमांचक अनुभव प्रदान किया जा रहा है।

खनिज संपदा में बॉक्साइट का विशेष महत्व है, जो एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है। इसका उपयोग परिवहन, निर्माण, विद्युत उपकरण और एयरोस्पेस उद्योगों में किया जाता है। वहीं, बेरिलियम जैसे रणनीतिक खनिज का उपयोग अपनी हल्की प्रकृति, मजबूती और ताप प्रतिरोधक क्षमता के कारण रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में होता है।

लिथियम आधुनिक ऊर्जा क्षेत्र का महत्वपूर्ण खनिज है, जिसका उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों की रिचार्जेबल बैटरियों के निर्माण में किया जाता है। इसके अतिरिक्त, यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है और देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

खनिजों की उपयोगिता ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत संरचना, विनिर्माण, आधुनिक तकनीक और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक विस्तृत है। IITF-2026 के माध्यम से खान एवं भूतत्व विभाग, झारखंड सरकार राज्य की खनिज संपदा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ खनिज आधारित उद्योगों में निवेश, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को भी रेखांकित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *