अपनी बात

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के खिलाफ भी भूषण बाड़ा की तरह पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हो

राजनीति में अति-उत्साह कभी-कभी ज्ञान पर भारी पड़ जाता है, और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आज इसका जीवंत उदाहरण पेश कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर नैतिकता का झंडा बुलंद करने के चक्कर में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी जितनी प्रशंसा—माफ़ कीजिएगा, निंदा—की जाए, कम है। दरअसल, कांग्रेस को घेरने की जल्दबाजी में प्रदेश अध्यक्ष महोदय ने एक नाबालिग यौन शोषण पीड़िता का नाम और पता अपने ‘एक्स’ हैंडल से सरेआम कर दिया।

हालांकि, जब तक ‘ज्ञान की बत्ती’ जली और उन्हें अपने इस कानूनी आत्मघाती गोल का अहसास हुआ, तब तक तीर कमान से निकल चुका था। आनन-फानन में पोस्ट तो डिलीट कर दी गई, लेकिन डिजिटल दुनिया में ‘डिलीट’ का बटन पाप नहीं धोता। आदित्य साहू ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में बड़े ही ओजस्वी अंदाज में लिखा था –

‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देनेवाली कांग्रेस का दोहरा चरित्र आज झारखण्ड में बेनकाब हो रहा है। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक 15 वर्षीय नाबालिग आदिवासी और अनाथ बच्ची के यौन शोषण, मारपीट, धमकी और गर्भपात कराने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता की शिकायत में सामने आई आपबीती मानवता को शर्मसार करनेवाली है। सवाल राहुल गांधी से है – महिला सम्मान की बात करनेवाली कांग्रेस अपने ही विधायक पर लगे इन गंभीर आरोपों पर चुप क्यों हैं? क्या आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने के बजाय आरोपी विधायक को बचाना ही कांग्रेस की राजनीति है? हेमन्त सोरेन सरकार बताए, आरोपी विधायक की गिरफ्तारी कब होगी? नारी सम्मान पर भाषण नहीं, कार्रवाई चाहिए। आदिवासी बेटी को न्याय और दोषियों को कड़ी सजा चाहिए।

दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की इस क्रांतिकारी मांग के साथ अध्यक्ष जी ने सबूत के तौर पर प्राथमिकी (FIR) की कॉपी भी चिपका दी। अब भला उन्हें कौन समझाए कि कानून की किताब में ‘पॉक्सो एक्ट’ (2012) नाम की भी कोई चीज़ होती है, जो किसी भी पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले ‘सज्जन’ को भी उसी कानून के दायरे में ले आती है।

सूत्रों की मानें तो खुद भाजपा के भीतर ही अध्यक्ष जी की इस ‘विद्वता’ पर कानाफूसी शुरू हो गई है। नाम न छापने की शर्त पर कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘विद्रोही24’ को बताया कि अध्यक्ष जी को दरअसल बेसिक नॉलेज ही नहीं है और वे ‘भाजपा के राहुल गांधी’ बन गए हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि जिस तरह राहुल गांधी कब क्या बोल दें, इसका अंदाजा खुद उन्हें भी नहीं होता, ठीक उसी तरह आदित्य साहू भी बिना सोचे-समझे कुछ भी पोस्ट कर देते हैं, आंदोलन का एलान कर देते हैं और होश आने पर डिलीट करते हैं, आंदोलन स्थगित कर देते हैं।

जब से आदित्य साहू प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, उन्हें यह मुगालता हो गया है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी अब उन्हीं के इर्द-गिर्द चक्कर काट रही है। भावी मुख्यमंत्री बनने की इसी जल्दबाजी और अति-उत्साह में वे आए दिन ऐसे बेतुके बयान और कारनामे कर बैठते हैं। अब जब उन्होंने खुद ही कानून के प्रावधानों को ताक पर रखकर पीड़िता की पहचान उजागर कर दी है, तो नैतिकता का तकाजा यही कहता है कि हेमन्त सरकार उनकी ‘कड़ी कार्रवाई’ वाली मांग को पूरा करे और भूषण बाड़ा की तरह उन पर भी पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानून का पाठ पढ़ाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *