राजनीति

#DownloadECINet सोशल मीडिया अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर ट्रेंड कराने में झारखंड के युवा बधाई के पात्र: CEO

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने राज्य के युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स को #DownloadECINet सोशल मीडिया अभियान को सफल बनाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर ट्रेंड कराने के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए बड़ी संख्या में ECINET ऐप डाउनलोड किया और मतदाता जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के क्रम में पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने तथा निर्वाचन संबंधी सही एवं विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई थी। इसके तहत राज्य के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्चतर शिक्षण संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से विद्यार्थियों को ECINET ऐप डाउनलोड करने, उसकी उपयोगिता समझने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

आज दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस सोशल मीडिया अभियान में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली। राज्य के सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों तथा विभिन्न आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से हजारों पोस्ट साझा किए गए। वहीं, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गठित ELC ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ECINET ऐप डाउनलोड करने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

अभियान के प्रभाव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर #DownloadECINet हैशटैग राष्ट्रीय स्तर पर आठवें स्थान पर ट्रेंड करने लगा। इसके अतिरिक्त इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर भी हजारों पोस्ट साझा किए गए तथा लाखों की संख्या में व्यूज और व्यापक जनसहभागिता दर्ज की गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि राज्य का प्रत्येक युवा इलेक्शन एम्बेसडर के रूप में कार्य करें। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को निरंतर जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास के सभी ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों को फॉर्म 6 एवं घोषणापत्र भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए  प्रेरित करें, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। उन्होंने ECINET ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी सही जानकारी साझा करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक मतदाता पंजीकरण की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति अथवा विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल न हो। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *