अपराध

जमीन विवाद में रामू उरांव की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार, दस वर्षों से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद, साजिश के तहत गोली मारकर की गई थी हत्या

माण्डर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव स्थित डेयरी के समीप रामू उरांव (55) की गोली मारकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह जमीन विवाद है, जो मृतक और आरोपियों के बीच पिछले करीब दस वर्षों से चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि टिको टोली गांव स्थित डेयरी के पास सेवाडीह निवासी रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही माण्डर थाना प्रभारी, खलारी के पुलिस उपाधीक्षक तथा आसपास के थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को भी दी गई। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर माण्डर थाना में कांड संख्या 113/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/61(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में खलारी के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए छापेमारी की। इस दौरान तीन आरोपियों राम जनम सिंह (50), तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह (32) और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह (27) को गिरफ्तार किया गया। तीनों को 30 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों कुलदीप सिंह (करीब 40) और राजेन्द्र सिंह उर्फ विपिन सिंह (करीब 29) को एक नवंबर को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रामू उरांव के साथ उनका जमीन को लेकर पिछले दस वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।

सभी आरोपी एक ही गांव के निवासी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह के अलावा कुलदीप सिंह तथा राजेन्द्र सिंह उर्फ विपिन सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के अड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *