पुलिस संस्मरण दिवस पर 154 वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को किया गया याद, जैप-1 और नवीन पुलिस केंद्र में आयोजित हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शहीदों के परिजनों को मिला हरसंभव सहयोग का भरोसा
देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के सम्मान में बुधवार को रांची में पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 परिसर स्थित परेड मैदान और नवीन पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अधिकारियों एवं जवानों ने शहीद स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूतों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। साथ ही, शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके साथ सदैव खड़े रहने और हरसंभव सहयोग देने का संकल्प दोहराया गया।
झारखंड सशस्त्र पुलिस-1, रांची परिसर स्थित परेड मैदान में आयोजित पुलिस संस्मरण दिवस परेड में झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया। इस दौरान झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों और अर्द्धसैनिक बलों के उन वीर कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए। समारोह में पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड सहित पुलिस मुख्यालय के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। शहीदों की स्मृति में वाहिनी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया।
पुलिस संस्मरण दिवस पर जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कुल 154 कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। इनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सर्वाधिक 25 जवान शामिल हैं। बिहार पुलिस के 12, मध्य प्रदेश पुलिस के नौ और जम्मू-कश्मीर के नौ कर्मियों ने भी कर्तव्य की वेदी पर अपना जीवन न्योछावर किया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के नौ तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के आठ कर्मी भी इस अवधि में शहीद हुए।
झारखंड के तीन पुलिसकर्मियों ने भी कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। इसके अतिरिक्त असम के छह, छत्तीसगढ़ के छह, तमिलनाडु के छह, असम राइफल्स के छह, पश्चिम बंगाल के पांच, कर्नाटक के पांच, राजस्थान के पांच तथा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के पांच कर्मियों ने देश की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण गंवाए। अन्य राज्यों और सुरक्षा बलों के जवान भी इस सूची में शामिल हैं। इन आंकड़ों के माध्यम से देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा में पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के अद्वितीय योगदान और बलिदान को स्मरण किया गया।
नवीन पुलिस केंद्र में शहीदों को पुष्पांजलि, परिजनों से किया संवाद
इसी क्रम में नवीन पुलिस केंद्र, रांची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने शहीदों के साहस, कर्तव्यपरायणता और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पक्ष शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के साथ संवाद रहा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने के साथ परिजनों को सम्मानित भी किया गया। रांची पुलिस ने शहीद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग उनके सुख-दुःख में साथ खड़ा रहेगा और जरूरत के समय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, नगर; पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण; पुलिस अधीक्षक, यातायात; परिचारी प्रवर प्रथम एवं द्वितीय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, कर्मी और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित थे।
शहीदों का बलिदान पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत
पुलिस संस्मरण दिवस केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने का दिन भी है। देश की सुरक्षा और समाज में शांति बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाने वाले इन वीर पुलिसकर्मियों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
झारखंड पुलिस ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने, जनसेवा के प्रति समर्पित रहने और शहीद परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि राष्ट्र की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों की स्मृतियां और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
