अपनी मां के श्राद्ध कर्म के बीच जनसेवा से जुड़े हैं CM हेमन्त सोरेन, नेमरा से जनहित कार्यों को निबटाने में लगे, लोगों की समस्याओं को सुन ही नहीं रहे, बल्कि अधिकारियों से उन समस्याओं को समाधान भी करा रहे
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, दिशोम गुरू एवं पद्मभूषण स्मृति-शेष शिबू सोरेन की धर्मपत्नी तथा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पूजनीय माताजी स्व. रूपी सोरेन का श्राद्धकर्म उनके पैतृक गांव नेमरा में चल रहा है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जहां पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुरूप श्राद्धकर्म एवं पारिवारिक अनुष्ठान पूर्ण कर रहे हैं वहीं व्यक्तिगत रूप से जन सरोकार से भी जुड़े हैं एवं सरकारी कार्यों का निष्पादन भी करने में भी जुटे हैं।
मुख्यमंत्री आमलोगों की समस्याएं भी सुन रहे हैं। मुख्यमंत्री से मिलने व अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर नेमरा में आज अलग-अलग बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। आमलोगों ने मुख्यमंत्री से मिलकर उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखी। साथ ही समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन भी दिए। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता पूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
आज गिरिडीह के केश्वरी गांव निवासी माधो पासवान अपनी दृष्टि दिव्यांग पुत्री कालो कुमारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग रखी। वहीं रांची जिले के सिल्ली हाकेदाग के विश्राम बेदिया ने बीमार पत्नी एतवारी देवी का समुचित इलाज कराने संबंधी बातों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
रामगढ़ जिले के ही हेठबरगा निवासी राज बेदिया रोजगार उपलब्ध कराने एवं शारीरिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने, ग्राम सांकी निवासी युवक ने अपने भाई अनू कुमार बेदिया की मृत्यु के बाद मुआवजा भुगतान का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। इसी तरह से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लोग नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखी, जिसका जांचोपरांत आवश्यक समाधान का निर्देश दिया गया।
नेमरा में शोक और संवेदना का माहौल
मुख्यमंत्री की पूजनीय माता के निधन से नेमरा गांव में शोक और संवेदना का माहौल है। दिवंगत स्व. रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के आम से लेकर खास लोग पहुंच रहे हैं। लोग उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्म पत्नी कल्पना सोरेन से मिलकर उनके प्रति संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सभी लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर रहे हैं।
अधिकारियों के साथ की बैठक मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास में पुलिस पदाधिकारी व प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अपनी पूजनीय माता स्व० रूपी सोरेन के श्राद्ध (दशकर्म) तथा संस्कार भोज कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दशकर्म तथा संस्कार भोज में हजारों-हजार लोगों के आगमन की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारी की जाए।
आगंतुकों की सुरक्षा, उनके वाहनों की पार्किंग, यातायात व्यवस्था से लेकर अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं से संबंधित तैयारी किए जाने से किसी को कोई असुविधा नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के गोला चौक पर एक छोटा गोलंबर की तरह सर्किल बनाने का निर्देश दिया, ताकि चारों तरफ से आने वाली वाहनों को घूमने में सहुलियत हो, यातायात व्यवस्था में व्यवधान नहीं हो और यहां की सड़क दुर्घटनाओं को समाप्त किया जा सके।
