प्रख्यात फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से नेचुरल एक्टिंग के एक अध्याय का समापन: आनंद सिंह
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं कला समीक्षक आनंद सिंह ने प्रख्यात फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर के निधन से भारतीय सिनेमा में नेचुरल एक्टिंग के एक विशिष्ट अध्याय का समापन हो गया। उनकी संवाद अदायगी की दुनिया में ऐसी खामोशी पैदा हुई है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा।
अपने जारी शोक संदेश में आनंद सिंह ने कहा कि नाना पाटेकर पर कभी भी टाइप्ड एक्टर होने का आरोप नहीं लगा। वह सहज और स्वाभाविक अभिनय के उस्ताद थे। उन्होंने अपने अभिनय से यह साबित किया कि बिना बनावटीपन के भी किरदार को पूरी गहराई और प्रभाव के साथ पर्दे पर जीवंत किया जा सकता है। उनके निधन के साथ बारीक अभिनय, सशक्त संवाद अदायगी और संवेदनशील चरित्रों के एक दौर का अवसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर पर कभी स्टारडम का नशा नहीं चढ़ा। अपार लोकप्रियता और सफलता के बावजूद उनका जीवन बेहद सादगीपूर्ण रहा। निजी जीवन में कुर्ता-पायजामा और एक जोड़ी चप्पल में ही वह सहज और आनंदित रहते थे। यही सादगी उनके व्यक्तित्व को दूसरे सितारों से अलग बनाती थी।
आनंद सिंह ने कहा कि नाना पाटेकर केवल अभिनेता नहीं थे, बल्कि समाज के प्रति गहरी संवेदना रखने वाले इंसान भी थे। किसानों के दर्द को उन्होंने अपना दर्द समझा। सूखा पीड़ित किसानों की मदद के लिए उन्होंने जो पहल और प्रयास किए, वह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी तरह की मिसाल थी। उन्होंने अपने सामाजिक सरोकारों को केवल पर्दे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि वास्तविक जीवन में भी उन्हें निभाया।
उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर की फिल्मों में मनोरंजन के साथ कोई न कोई सामाजिक अथवा मानवीय संदेश अवश्य मौजूद रहा। अग्निसाक्षी, प्रहार, अब तक छप्पन के दोनों भाग और वेलकम जैसी व्यावसायिक फिल्मों ने उन्हें लोकप्रियता और शोहरत की बुलंदियों तक पहुंचाया, वहीं उनकी गैर-व्यावसायिक और गंभीर फिल्मों ने उन्हें एक प्रखर, संवेदनशील और स्थापित क्लासिकल अभिनेता के रूप में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई।
आनंद सिंह ने कहा कि नाना पाटेकर के अभिनय की रेंज असीमित थी। वह अपने दौर के उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल थे, जो हर किरदार में स्वयं को पूरी तरह ढाल लेने की क्षमता रखते थे। उनके अभिनय की प्रतिभा की अभी न जाने कितनी बानगियां सामने आनी बाकी थीं, लेकिन काल के क्रूर पंजों ने उन्हें हमसे छीन लिया।
उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि नाना पाटेकर जैसे कलाकार कभी मरते नहीं हैं। वे अपने निभाए किरदारों, अपनी आवाज, अपनी संवाद अदायगी और अपनी अद्वितीय अभिनय शैली के माध्यम से हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहते हैं। आनंद सिंह ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके प्रशंसकों एवं चाहने वालों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें।
