राजनीति

इधर ‘वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया विकसित भारत का मंत्र, उधर रांची के हरमू चौक को भाजपाइयों ने दिया नया नाम “विकसित भारत संकल्प चौक”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे देश की तरह झारखंड में भी “विकसित भारत संकल्प सभा” और “सेवा ज्योति यात्रा” का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा रांची महानगर, रांची पूर्वी एवं रांची पश्चिमी जिला के संयुक्त तत्वावधान में रांची के OTC मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की उपस्थिति में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सभा” के सीधा प्रसारण कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक संबोधन को सुनकर विकसित भारत के अपने संकल्प को और दृढ़ किया। संकल्प सभा के उपरांत भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा ज्योति प्रज्वलित की और ढोल-मांदर के साथ जुलूस के रूप में हरमू चौक पहुंचे। वहां सेवा ज्योति प्रज्वलित कर हरमू चौक को “विकसित भारत संकल्प चौक” के रूप में समर्पित किया गया।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका सीधा प्रसारण पूरे देश में किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पीएम मोदी ने देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को वर्चुअली संबोधित किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के अनुभवों और देश के विकास के संकल्प को साझा करते हुए विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी, सेवा और समर्पण का आह्वान किया। उन्होंने सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने अपनी 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा को राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के प्रति निरंतर समर्पण से जोड़ते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए देशवासियों का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने ‘वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ विकसित भारत का मंत्र दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि सात अक्तूबर 2001 को जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब उन्होंने नहीं सोचा था कि एक दिन सार्वजनिक जीवन में यह पड़ाव भी आएगा। उन्होंने कहा कि आज सरकार के प्रमुख के तौर पर देश की सेवा करते हुए 25 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने इसे जनता के लगातार मिल रहे आशीर्वाद का परिणाम बताया और भाजपा, एनडीए तथा लोकतंत्र में आस्था रखने वाले लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम मेरा संकल्प और राष्ट्र समृद्धि मेरा लक्ष्य है।” उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास 140 करोड़ लोगों की शक्ति, सामर्थ्य और सपने हैं तथा विकसित भारत का लक्ष्य सामूहिक प्रयास से प्राप्त किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि “जब तक भारत विकसित नहीं होगा, तब तक मैं न रुकूंगा, न थकूंगा और न पथ से डिगूंगा।” उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन, समय और सामर्थ्य राष्ट्र को समर्पित करने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने 140 करोड़ भारतवासियों के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि परमात्मा उन्हें इतनी शक्ति दें कि वह देश के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम कर सकें और दिन-रात देशवासियों की सेवा कर सकें। पीएम मोदी ने कहा कि आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें सबसे बड़ा योगदान जनता जनार्दन का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से देश के विकास के लिए पूरी ताकत और जोश के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि अब आराम करने का समय नहीं है। यह समय जोश के साथ आगे बढ़ने और खुद को देश के लिए खपा देने का है। उन्होंने कहा कि आज भारत में जितनी बड़ी संख्या में युवा हैं, यह देश के इतिहास में मिला बहुत बड़ा अवसर है और इस मौके को गंवाना नहीं है। प्रधानमंत्री ने युवा साथियों से कहा कि उनके दादा-दादी और नाना-नानी की पीढ़ी ने जो कष्ट झेले, वे उन्हें नहीं झेलने पड़ें, इसके लिए आज से ही काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश ऐसी होनी चाहिए कि आने वाली पीढ़ियों के भाग्य में भी वे परेशानियां न आएं। पीएम मोदी ने कहा कि इसी उद्देश्य के साथ वह लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं को देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी के सामने भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का ऐतिहासिक अवसर है। इसके लिए युवाओं को अपनी ऊर्जा और सामर्थ्य देश के निर्माण में लगानी होगी।

पीएम मोदी ने कहा कि जीवन किसी उद्देश्य के लिए जीना चाहिए, केवल निजी महत्वाकांक्षा के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि जीवन में उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, उसे निभाते चले गए। उनके जीवन का एक ही उद्देश्य रहा कि वह देश के लिए निस्वार्थ भाव से कर्म करते रहें। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मेरे लिए कर्म ही सब कुछ है, कर्म ही मेरा धर्म है.’ उन्होंने युवाओं से भी इसी भावना के साथ देश के लिए काम करने और मिले अवसर को पूरी ताकत से इस्तेमाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जयसवाल, पूर्व सांसद अजय मारू, हेमन्त दास, शशांक राज, सन्नी टोप्पो, सीमा सिंह, मनोज महतो वाजपेयी, सीमा शर्मा, महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, गंगोत्री कुजूर, रमेश सिंह, आरती सिंह,  वरुण साहू, विनय धीरज महतो, नीरज सिंह, सतीश सिन्हा, सूरज शाहदेव, तारिक इमरान, अजय राय, संदीप वर्मा, केके गुप्ता, ललित ओझा, प्रभुदयाल बड़ाइक, राम कुमार पाहन, सुनील साहू, संजय चौधरी, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, रोमित नारायण, नकुल तिर्की, रविनाथ किशोर, राहुल अवस्थी, राजश्री जयंती सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *