अपराध

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में हथियार व चोरी की दो बाइक के साथ दो गिरफ्तार

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने आपराधिक वारदात की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटु के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को दो अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि मौलाना आजाद कॉलोनी निवासी छोटु उर्फ गुरफान खान अपने सहयोगियों के साथ हथियार के बल पर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में नामकुम थाना की टीम और सशस्त्र बल को शामिल कर छापेमारी दल गठित किया गया।

गठित टीम ने हाईटेंशन ग्राउंड स्थित खंडहर भवन के पास पहुंचकर जांच की। वहां एक यामहा एफजेड और एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस के मुताबिक दोनों वाहनों पर एक-एक व्यक्ति बैठकर बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन छापेमारी दल और सशस्त्र बल के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में दोनों की पहचान छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन (34) और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटु (26) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान छोटु के कमर के पीछे से एक पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार कारतूस के निचले हिस्से पर KF 7.65 अंकित था।

पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त कीं। इनमें यामहा एफजेड, नंबर JH-02BD-4001 और बुलेट, नंबर JH01DK-8438 शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने दोनों मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक एफजेड मोटरसाइकिल हिन्दपीढ़ी से और बुलेट मोटरसाइकिल इसी वर्ष अगस्त में मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी की गई थी।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बरामद हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूटपाट की घटनाओं में करने की बात बताई है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, छोटु उर्फ गुरफान खान के खिलाफ नामकुम, हिन्दपीढ़ी, सदर, लोअर बाजार, लालपुर, कोतवाली, पुंदाग, अरगोड़ा और रातू थाना क्षेत्रों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और छिनतई से जुड़े 17 मामले दर्ज हैं।

वहीं, फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटु के खिलाफ जगरनाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी और छिनतई से जुड़े चार मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। इस कार्रवाई के संबंध में नामकुम थाना कांड संख्या 272/26, दिनांक 02.10.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 317(5), 309(4), 62, 3(5) BNS तथा 25(1-B)a, 26, 35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार, सोनू कुमार दास, शशि रंजन, जयदेव कुमार सराक, सहायक अवर निरीक्षक अरविन्द त्रिपाठी, उज्जवल कुमार सिंह, तारकेश्वर प्रसाद केसरी, सत्येन्द्र सिंह तथा नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *