मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पहुंचे योगदा सत्संग आश्रम, परमहंस योगानन्द जी के कक्ष में बैठकर किया ध्यान, आश्रम परिसर स्थित स्मृति मंदिर व ध्यान मंदिर का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज योगदा सत्संग समिति ऑफ़ इंडिया के परमहंस योगानन्द पथ, बहु बाजार, चुटिया स्थित योगदा सत्संग आश्रम पहुंचकर, परमहंस योगानन्दजी के कक्ष में बैठकर किया ध्यान तथा आश्रम परिसर में परिभ्रमण कर कुछ समय बिताया। इस दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थी।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन को अपने बीच पाकर योगदा सत्संग आश्रम के संन्यासियों ने उनका स्वागत किया तथा कुछ देर बैठकर आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। इस आध्यात्मिक चर्चा के दौरान स्वामी ईश्वरानन्द और स्वामी निर्मलानन्द भी मौजूद थे।
योगदा सत्संग आश्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने श्री श्री परमहंस योगानन्दजी का कक्ष, फोटो एवं पुस्तक गैलरी का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। यहां परमहंस योगानन्दजी एवं उनके कुछ मुख्य शिष्यों द्वारा रचित पुस्तकें, प्रकाशित संदर्भ, स्वामीजी से संबंधित जारी डाक टिकट एवं फोटोग्राफ तथा स्वामीजी द्वारा इस्तेमाल की गई सामग्री को संरक्षित किया गया है।
इसके अलावा उन्होंने लीची वेदी, स्मृति मंदिर, ध्यान मंदिर, ध्यान करने हेतु उद्यान व आश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां के संबंध में भी जानकारी ली। स्वामी ईश्वरानंदजी एवं स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को आश्रम की हालिया गतिविधियों के बारे में भी उन्हें अवगत कराया। कुछ देर आश्रम में बिताने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपने आवास लौट गये।
