फ्लाईओवर निर्माण के बीच सड़क की बदहाली से लोग परेशान, घरों में घुस रही धूल, सरयू राय ने NHAI को दी सीधी चेतावनी, बोले: नहीं चेते तो फूटेगा जनाक्रोश
जिस एनएच-33 को लेकर कुछ साल पहले आंदोलन की चिंगारी भड़की थी, वही सड़क एक बार फिर धूल, गड्ढों और बदहाली की गिरफ्त में है। मानगो से गुजरने वाले एनएच-33 की हालत देखकर जदयू विधायक सरयू राय ने बुधवार को एनएचएआई को सीधे तौर पर चेताया। पारडीह स्थित होटल सिटी इन से बालीगुमा तक सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे सरयू राय ने पाया कि सड़क पर सैकड़ों छोटे-छोटे गड्ढे हैं और निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण पूरे इलाके में धूल का गुबार उड़ रहा है।
सड़क की हालत ऐसी है कि गड्ढे भरने के नाम पर डाली गई सामग्री भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। सड़क पर उड़ती धूल से राहगीर ही नहीं, बल्कि सड़क किनारे रहने वाले परिवार भी बेहाल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धूल घरों के अंदर तक पहुंच रही है और लगातार प्रदूषण के बीच रहना मुश्किल हो गया है।
सरयू राय ने कहा कि एनएच-33 की बदहाली कोई नई बात नहीं है। एक दौर में सड़क की ऐसी ही स्थिति के खिलाफ उनके नेतृत्व में बड़ा आंदोलन हुआ था। उन्होंने याद दिलाया कि रांची स्थित एनएचएआई कार्यालय तक प्रदर्शन हुआ था और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद मुकदमा भी चला था। आज फिर एनएच-33 उसी स्थिति की ओर बढ़ रही है। सवाल यह है कि आखिर एनएचएआई को हर बार सड़क की हालत बिगड़ने के बाद ही क्यों जागना पड़ता है।
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने मौके पर एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से बात की। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने अभी दो दिन पहले ही पदभार संभाला है। विधायक ने उन्हें साफ कहा कि जिम्मेदारी संभालने के साथ ही सबसे पहले सड़क पर उड़ रही धूल को रोकने की व्यवस्था करें। लगातार पानी का छिड़काव कराएं, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने पानी का नियमित छिड़काव कराने पर सहमति जताई।
सरयू राय ने कहा कि बरसात खत्म हो चुकी है और दशहरा सामने है। ऐसे में लोगों को गड्ढों और धूल के बीच पूजा का मौसम बिताने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने एनएचएआई से स्पष्ट कहा कि केवल गड्ढों में मिट्टी या अन्य सामग्री डालकर खानापूर्ति न की जाए, बल्कि सड़क की बाकायदा पिचिंग कराई जाए। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने आश्वासन दिया कि दो-तीन दिनों में सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सड़क लंबी होने के कारण काम पूरा होने में समय लगेगा।
सरयू राय ने कहा कि एनएच-33 के किनारे रहने वाले लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। घरों में धूल घुस रही है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली और धूल-धक्कड़ को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एनएचएआई ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की और केवल आश्वासन तक सीमित रहा, तो लोगों का आक्रोश फूट सकता है। ऐसी स्थिति के लिए एनएचएआई खुद जिम्मेदार होगा।
