रांची गौशाला न्यास गोकुलधाम में अन्नपूर्णा सेवा के एक वर्ष पूरे होने पर हुआ भव्य आयोजन, समाजसेवियों एवं संस्थाओं को मिला सम्मान
रांची के हरमू स्थित रांची गौशाला न्यास गोकुलधाम में संचालित अन्नपूर्णा सेवा के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गौ सेवा के प्रति समर्पण, सहयोग एवं सामाजिक सहभागिता को रेखांकित करते हुए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, समाजसेवियों एवं गौ भक्तों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला के अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।
इसके पश्चात मंत्री प्रदीप कुमार राजगढ़िया ने गौशाला एवं अन्नपूर्णा सेवा की गतिविधियों और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों के बीच रखी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष एस. एन. राजगढ़िया ने सभी लोगों से तन, मन और धन से गौ सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “गौ सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौ सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की।
इसके बाद कार्यक्रम में आए अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का सम्मान किया गया। सर्वप्रथम श्री माहेश्वरी सभा, शत्रुघ्न लाल गुप्ता, रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन एवं घनश्याम शर्मा को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात झारखंड फेडरेशन ऑफ चैंबर ऑफ कॉमर्स के तीनों अध्यक्षीय उम्मीदवारों एवं उनकी टीम के सदस्यों को भी अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं गौ भक्तों ने गौ सेवा कर अन्नपूर्णा सेवा का शुभारंभ किया। अन्नपूर्णा सेवा का सहयोग प्रेम कुमार, पुनीत कुमार एवं प्रेमसंस ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। यह सेवा श्रद्धेय स्वर्गीय प्रेम कुमार पोद्दार जी की स्मृति में संचालित की जा रही है। कार्यक्रम का संचालन अमित चौधरी एवं मनीष लोधा ने किया।
इस अवसर पर ट्रस्टीगण शत्रुघ्न लाल गुप्ता, किशोरी लाल चौधरी, सज्जन सर्राफ, राजकुमार टिंबडेवाल, राजकुमार केडिया, अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार, मंत्री प्रदीप राजगढ़िया, उपाध्यक्ष एस. एन. राजगढ़िया, सह सचिव सुरेश जैन, राजेंद्र बंसल, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष मुकेश काबरा, रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के कोषाध्यक्ष कमलेश संचेती, घनश्याम शर्मा, प्रमोद बजाज, बासुदेव भाला, समाजसेवी फतेहचंद अग्रवाल, अमित चौधरी, मनीष लोधा सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गौ भक्त उपस्थित रहे।
