पलामू के कई इलाकों में मासूम आर्ट ग्रुप की शॉर्ट फिल्म शुगर की शूटिंग प्रारंभ
पलामू जिले में कला व संस्कृति के क्षेत्र में कार्यरत संस्था मासूम आर्ट ग्रुप द्वारा निर्मित हिंदी शॉर्ट फिल्म शुगर की शूटिंग प्रारंभ हो चुकी है। शनिवार को शहर के नवाटोली, गुरुद्वारा रोड व बैरिया चौक के पास कई जगह शूटिंग की गई। शूटिंग से पहले मुहूर्त किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देश के जाने माने कला समीक्षक व स्वतंत्र स्तंभकार रवींद्र त्रिपाठी व विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक सह समाजसेवी बृजेश शुक्ला मौजूद थे।
मुहूर्त क्लैप देते हुए श्री त्रिपाठी ने कहा कि पलामू की धरती साहित्य व कला के लिए काफी समृद्ध है। यहां से निकलकर कई लोग इस क्षेत्र में शानदार काम कर रहे है। जबकि मासूम आर्ट ग्रुप यहीं स्थानीय कलाकारों को लेकर काम करते हुए खुद को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने में सफलता पाई है। उन्होंने सभी को फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।
श्री शुक्ला ने कहा कि मासूम के कलाकार हमेशा समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली फिल्मों का निर्माण करती रही है। उम्मीद है कि शुगर फिल्म के माध्यम से भी ऐसी ही कुछ संदेश उभर कर सामने आएगी। फिल्म की निर्माता मुनमुन चक्रवर्ती ने कहा कि शुगर फिल्म में वर्तमान सामाजिक और पारिवारिक विघटन को सामने रखने का प्रयास किया गया है।
जानिए फिल्म की कास्ट एंड क्रू
फिल्म शुगर के जरिए खुशी शुक्ला पहली बार अभिनय की दुनिया में कदम रख रही है। इसके अलावा इस फिल्म में सैकत चट्टोपाध्याय, कामरूप सिन्हा, उज्ज्वल सिन्हा, राज प्रतीक पाल, परिणीता पाल, शहजादा तालिब, गिरेंद्र यादव, श्यामली घोष, आदर्श पांडेय, अरिंदम पंडित, अमर्त्य पंडित, अमर कुमार भांजा, प्रकाश संगम, गुलशन मिश्रा, मुकेश विश्वकर्मा, मो नसीम, संजीव कुमार राम आदि शामिल है। लेखक व निर्देशक सैकत चट्टोपाध्याय है, सहायक निर्देशक उज्ज्वल सिन्हा, डीओपी सूरज शर्मा व विश्वजीत मेहता, मेकअप श्यामली घोष, सेट एंड लाइट राज प्रतीक पाल, शहजादा तालिब और संगम प्रकाश का है।
