धर्म

श्रावणी मेला 2026: महाकवि योगेश फाउंडेशन के स्वागत शिविर में उमड़ रही भीड़, भूसावल का केला और शुद्ध दूध की चाय श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र, शिवभक्तों के मनोरंजन के लिए हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम

महाकवि योगेश फाउंडेशन, नीरपुर (अथमलगोला) पटना एवं गोविंदा कंस्ट्रक्शन्स, विक्रम (पटना) के संयुक्त तत्वावधान में श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर बांका जिलांतर्गत सुईया पहाड़ (घुटिया) में निःशुल्क बोल बम सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में विशेष रूप से शिव भक्तों (कांवरियों) के लिए प्राथमिक चिकित्सा, शौचालय एवं स्नान की सुविधा, शीतल पेयजल, नींबू/दूध की चाय व अल्पाहार (फल), विश्राम/शयन, मोबाइल चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके अलावा संस्था की ओर से श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए जागरण, संगीत संध्या, भगवान शिव-पार्वती की जीवंत झांकी आदि की प्रस्तुति भी प्रतिदिन की जा रही है। शिविर में डाक बम के लिए विशेष सेवाएं उपलब्ध हैं। शिविर में आए श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से भुसावल का केला और शुद्ध दूध की चाय आकर्षण का केन्द्र बना है।

निःशुल्क बोल बम सेवा शिविर का उद्घाटन सावन माह के प्रथम दिन 30 जुलाई, 2026 को बिहार सरकार के पूर्व भवन निर्माण मंत्री जयंत राज ने किया। शिविर का संचालन 28 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा। विदित हो कि अथमलगोला (पटना) के सुप्रसिद्ध समाजसेवी स्व.डॉ. योगेश्वर प्रसाद सिंह योगेश जी की स्मृति में विगत तीन वर्षों से उक्त स्थल पर शिव भक्तों के लिए स्वागत शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस शिविर के सफल संचालन में पटना जिलांतर्गत अथमलगोला क्षेत्र के पूर्व प्रमुख अनिल सिंह, पैक्स के चेयरमैन सह पूर्व मुखिया संतोष सिंह, समाजसेवी हिमांशु कुमार उर्फ छोटू सहित अन्य सहयोगी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उक्त जानकारी राघोपुर (बख्तियारपुर) ग्राम निवासी शिवभक्त जितेन्द्र सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *