पाकुड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महज 12 घंटे में डबल मर्डर का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू व कपड़े बरामद
पाकुड़ पुलिस ने लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में मां-बेटी की निर्मम हत्या की गुत्थी महज 12 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, खून से सना टी-शर्ट और बरसाती भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 5-6 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12 बजे लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में एक महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या-45/26, दिनांक 6 अगस्त 2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
जांच के दौरान आधुनिक वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर झेनागड़िया निवासी 28 वर्षीय अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन, पिता अफजल अंसारी उर्फ अफजल मोमिन, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, घटना के समय पहना गया खून से सना टी-शर्ट और बरसाती बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2020 में लिट्टीपाड़ा थाना में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज है।
