ज्वेलरी दुकानों में चोरी कर खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, जिला बदर अपराधी समेत दो गिरफ्तार
रांची पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों में चोरी कर चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए जिला बदर अपराधी समेत दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण भी बरामद किए हैं। मामले में पूर्व में गिरफ्तार तीन अन्य आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 की रात बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित कौशल्या कॉम्प्लेक्स में पीपी ज्वेलर्स से नकद छह हजार रुपये तथा लगभग 65 लाख रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में सदर (मेसरा) थाना में कांड संख्या-271/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
जांच के दौरान 24 जुलाई को तोरपा (खूंटी) पुलिस से सूचना मिली कि इस चोरी में शामिल गिरोह के सदस्य पूर्वी सिंहभूम जिले में छिपे हुए हैं और एक अन्य बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान सुंदरनगर थाना क्षेत्र (पूर्वी सिंहभूम) से अमित कुमार सिंहारी (36) को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी रजनीश लाल (56) को भी पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रांची एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न मकानों और ज्वेलरी दुकानों में चोरी कर चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मानगो स्थित मरना ज्वेलर्स नामक दुकान से चोरी के आभूषण बरामद कर जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने मार्च-अप्रैल तथा जून 2026 के दौरान बीआईटी मेसरा ओपी और ओरमांझी थाना क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपी बाबू पिल्लै, दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरकार तथा मो. अफरोज उर्फ मो. सिराज को पहले ही तोरपा थाना (खूंटी) पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
