अपराध

रांची में हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा: पुलिस ने चोरों की पत्नियों को किया गिरफ्तार, 17.36 लाख नकद, सोने के गहने व जगुआर कार बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित निशित केसरी एवं अखिलेश पांडेय के घरों में 9 जुलाई 2026 को हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का रांची पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने चोरी की नकदी, सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त लग्जरी जगुआर कार बरामद करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के दो फरार आरोपियों की पत्नियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

अरगोड़ा थाना कांड संख्या 172/2026, दिनांक 9 जुलाई 2026, धारा 331(4), 305(ए) एवं 331(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज इस मामले के अनुसंधान के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया था।

एसआईटी ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान की। इसके बाद विभिन्न राज्यों में छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कोलकाता से चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की गई। साथ ही चोरी की 17,36,200 रुपये नकद तथा सोने के कई आभूषण भी पुलिस ने जब्त किए।

जांच में इस चोरी में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर गिरोह की संलिप्तता सामने आई। गिरोह के मुख्य सदस्यों की पहचान इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम तथा नवीन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इरफान और अफरोज के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी पत्नियों के कब्जे से चोरी के गहने एवं नकदी बरामद की। इसके बाद गुलशन प्रवीण (पत्नी इरफान) और शकीला उर्फ लाडली (पत्नी अफरोज) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

80 से अधिक मामलों में वांछित है मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मो. इरफान कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर सहित देश के विभिन्न राज्यों में चोरी की अनेक वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके विरुद्ध अलग-अलग राज्यों में लगभग 80 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।

इनके पास से 17,36,200 रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, एक डायमंड, तीन सोने की अंगूठियां, चोरी में प्रयुक्त ब्लू रंग की जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद किये गये हैं। जबकि गिरफ्तार महिलाओं में गुलशन प्रवीण, पत्नी मो. इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, निवासी योगिया गढ़ा, थाना पुपरी, जिला सीतामढ़ी (बिहार) एवं शकीला उर्फ लाडली, पत्नी मो. अफरोज उर्फ समीम उर्फ समीर, निवासी जेजे कॉलोनी, बवाना, थाना नरेला आउटर, दिल्ली के नाम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *