अपराध

रांची के चुटिया में प्रेम प्रसंग से उपजी ईर्ष्या के चलते हुई थी युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के केतारी बगान, घाट रोड स्थित एक मकान में किरायेदार युवती रानी कुमारी उर्फ पूजा कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले का रांची पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से उपजी आपसी ईर्ष्या मुख्य वजह थी।

जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि केतारी बगान स्थित मणि साहु के मकान में किराये पर रहने वाली रानी कुमारी उर्फ पूजा कुमारी मृत अवस्था में अपने बिस्तर पर पड़ी है। प्रारंभिक तौर पर मामले में चुटिया थाना में यूडी कांड संख्या-15/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि युवती की मौत प्राकृतिक नहीं थी। रिपोर्ट में गंभीर चोट लगने तथा गला दबाकर दम घोंटने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने यूडी कांड को हत्या के मामले में परिवर्तित करते हुए 6 जुलाई 2026 को चुटिया थाना कांड संख्या-101/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) में प्राथमिकी दर्ज की।

वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान, गुप्त सूचना तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपित राहुल कुमार गुप्ता (पिता-ललन साह), निवासी नगर बाजार, दमदम, थाना दमदम, जिला हावड़ा (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि प्रेम प्रसंग को लेकर उत्पन्न आपसी ईर्ष्या के कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपित के पास से एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *